रुद्रप्रयाग – जनपद में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा को लेकर आज सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। औचक निरीक्षण के दौरान गुप्तकाशी में तीन लोगों पर चालान व एक मेडिकल स्टोर तत्काल प्रभाव से बंद करने की कार्यवाही की गयी।
माननीय अध्यक्ष महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के प्रभावी मार्गदर्शन में तथा सचिव महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग, श्रीमती पायल सिंह के नेतृत्व में दिनांक 22 मई 2026 को खाद्य संरक्षा एवं औषधि सुरक्षा को लेकर जनस्वास्थ्य हित में गुप्तकाशी (रुद्रप्रयाग) में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान में श्री मनोज कुमार सेमवाल, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, श्री अमित Kumar आजाद, औषधि निरीक्षक तथा श्री कैलाश टम्टा, खाद्य पूर्ति अधिकारी द्वारा प्रतिभाग किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मेडिकल स्टोरों, होटलों एवं रेस्टोरेंटों का गहन निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि सहित खाद्य एवं औषधि सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कतिपय रेस्टोरेंटों में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर टीम द्वारा संबंधित संचालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार रहते हुए निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर सचिव महोदया श्रीमती पायल सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर ही 03 व्यक्तियों के चालान भी किए गए। *इसके अतिरिक्त, एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद किए जाने की कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
इस अवसर पर सचिव महोदया ने कहा कि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों एवं औषधियों का क्रय करते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिलावटी खाद्य सामग्री, अवैध दवाइयों एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनसामान्य को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ तथा औषधियां उपलब्ध हो सकें।



Recent Comments