देहरादून, उत्तराखंड में अब कोरोना संक्रमण अपनी पकड़ धीरे धीरे मजबूत कर रहा है,लगातार बढ़ते आंकड़े इसी ओर संकेत कर रहे हैं, राज्य में आज कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और कोरोना के 630 नए मरीज मिले हैं। जबकि तीन की मौत हो गई है। प्रदेश में कुल 1425 एक्टिव केस है। जबकि 128 रिकवर हुए हैं।
राज्य स्वास्थ्य विभाग बुलेटिन के अनुसार देहरादून में सबसे ज्यादा 268 मामले सामने आए हैं, जबकि हरिद्वार में 119, नैनीताल में 85, पौड़ी गढ़वाल में 72, टिहरी में 4, चमोली में 5, चंपावत में 8, पिथौरागढ़ में 4, उधम सिंह नगर में 35, उत्तरकाशी में 11, अल्मोड़ा में 18 और बागेश्वर में 1 मामले सामने आए हैं।
उत्तराखंड में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती का कहना है कि यदि किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देते हैं तो वह तत्काल दून अस्पताल, कोरोनेशन, शताब्दी जैसे अस्पतालों में जाकर आरटी पीसीआर टेस्ट कराएं। उन्होंने कहा कि कोरोना मरीजों को तेजी से चिन्हित करने के साथ उनका इलाज किया जाएगा। इसके लिए आरटी पीसीआर टेस्ट बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा है अब जिले में औसतन प्रतिदिन छह हजार के करीब आरटी पीसीआर टेस्ट किए जाएंगे।




