नई दिल्ली ,। महानगर गैस लिमिटेड ने पाइप के जरिए सप्लाई की जाने वाली रसोई गैस पीएनजी और गाडिय़ों में फ्यूल के रूप में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की कीमतों में कटौती की है। नई कीमतें आज बुधवार से लागू हो गई हैं।
सीएनजी-पीएनजी की कीमतों में गिरावट सरकार के उस फैसले के बाद आई है, जिसमें घरेलू प्राकृतिक गैस की आपूर्ति बढ़ाने पर जोर दिया गया था। एमजीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि सीएनजी के दाम 6 रुपये प्रति किलोग्राम घटा दिए गए हैं, जबकि पीएनजी के रेट में 4 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) की कटौती की गई है। मुंबई में अब सीएनजी 80 रुपए किलो और पीएनजी 48.50 रुपए प्रति एससीएम पहुंच गई है।
एमजीएल ने कहा है कि कीमतों में कटौती के बाद ग्राहकों की बचत और बढ़ गई है। अगर वाहनों में इस्तेमाल होने वाले अन्य ईंधन के मुकाबले देखें तो सीएनजी के इस्तेमाल पर 48 फीसदी की बचत होगी, जबकि रसोई गैस में इस्तेमाल होने वाले अन्य साधनों की तुलना में पीएनजी पर खाना बनाना 18 फीसदी सस्ता रहेगा। इस तरह ग्राहकों की बचत भी बढ़ जाएगी।
एमजीएल ने अगस्त के पहले सप्ताह में सीएनजी और पीएनजी के रेट बढ़ा दिए थे, जो अप्रैल से अब तक छठी बढ़ोतरी थी। तब कंपनी ने पीएनजी के रेट 4 रुपये और सीएनजी के 6 रुपये बढ़ाए थे। इसी कीमत को एक तरह से अब वापस ले लिया गया है। कीमतों में कटौती का स्वागत करते रिक्शा यूनियन के नेता थंपी कुरियन ने कहा कि यह ऑटो रिक्शा चालकों के साथ मुंबईवासियों के लिए भी अच्छा फैसला है। इसके बावजूद हमें रिक्शा के मिनिमम किराये में 3 रुपये की बढ़ोतरी करनी पड़ेगी। अभी मिनिमम किराया 21 रुपये है।




