देहरादून, भाजपा की उततराखंड में प्रचंड जीत और खटीमा से सीएम पुष्कर सिंह धामी की हार के बाद धामी ने अज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि राज्यपाल ने उन्हें नए सीएम के बनने तक कार्यवाहक सीएम बने रहने के लिए कहा है।
उत्तराखंड में भाजपा ने लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की है। बीजेपी को 47, कांग्रेस को 19 और अन्य प्रत्याशियों को चार सीटें मिली। इस चुनाव में भाजपा तो जीत गई, लेकिन सीएम धामी खुद खटीमा सीट से चुनाव हार गए। राज्यपाल को इस्तीफा देने के दौरान उनके साथ काबीना मंत्री सतपाल महाराज, अरविंद पांडे, गणेश जोशी और स्वामी यतीश्वरानंद भी थे। उधर, बीजेपी में सीएम के चयन को लेकर कसरत जारी है। एक संभावना ये भी है कि पुष्कर सिंह धामी को ही सीएम बनाया जा सकता है। क्योंकि विधानसभा चुनाव उनके चेहरे पर ही लड़ा गया था और इसमें बीजेपी को अप्रत्याशित सफलता मिली। वहीं, बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता पुष्कर सिंह धामी की पीठ भी थपथपा चुके हैं। दूसरी ओर आज प्रभारी प्रह्लाद जोशी व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक बैठक कर आगे की तैयारी को लेकर मंथन करेंगे।पुष्कर सिंह धामी ने अब से कुछ देर पहले अपना इस्तीफा राज्यपाल सेवा निवृत्त लेफिटनेंट जनरल गुरमीत सिंह को सौंपा। राज्यपाल ने उन्हें नए सीएम की नियुक्ति होने और उनके शपथ ग्रहण करने तक कार्यवाह सीएम बने रहने के लिए कहा है।




