देहरादून, सावन मास के पावन अवसर पर भगवान शिव की भक्ति, कावड़ यात्रा की आस्था एवं सनातन संस्कृति को समर्पित भजन “बम बम भोले… सावन की मची धूम रे” का विमोचन आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा विभू काशिव के आधिकारिक फेसबुक पेज पर किया गया।
स्थानीय प्रेस क्लब में इस भजन का विधिवत् लोकार्पण किया गया, यह भजन भगवान भोलेनाथ के उन करोड़ों श्रद्धालुओं को समर्पित है, जो प्रत्येक वर्ष सावन मास में कावड़ यात्रा कर श्रद्धापूर्वक पवित्र गंगाजल लाकर शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं। साथ ही यह भजन स्वर्गीय श्री हरिशरण नौटियाल की पुण्य स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया गया है।
भजन के निर्माता डॉ. गीताराम नौटियाल, सुरेश चंद्र शर्मा एवं श्रीमती अरुणा शर्मा हैं। अजन को स्वर देने के साथ-साथ संगीत संयोजन एवं संगीत निर्देशन विभू काशिव ने किया है, जबकि इसके भावपूर्ण गीत श्रीमती अरुणा शर्मा ने लिखे हैं। भजन का निर्देशन भी विभू काशिव द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर निर्माता डॉ. गीताराम नौटियाल ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र महीना माना जाता है। यह भजन शिवभक्तों की श्रद्धा, भक्ति और कावड़ यात्रा की आध्यात्मिक भावना को समर्पित एक विनम्र संगीतमय प्रस्तुति है। उन्होंने कहा कि यह भजन स्वर्गीय श्री हरिशरण नौटियाल की पुण्य स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में समर्पित किया गया है।
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (उत्तराखंड) के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मनमोहन शर्मा, प्रदेश महामंत्री पंडित उमाशंकर शर्मा, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सावित्री शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री मनोज कुमार शर्मा, विधि संयोजक सीताराम नौटियाल, आचार्य शशिकांत दुबे, पंडित दिवाकांत दुबे, श्रीमती पल्लवी गुप्ता, श्रीमती रेनू शर्मा, श्रीमती संगीता नौटियाल, मोहित गुसाईं आदि मौजूद रहे।
15 वर्षों से संगीत जगत में सक्रिय हैं विभू काशिव :
भजन के गायक, संगीतकार एवं निर्देशक विभू काशिव पिछले लगभग 15 वर्षों से संगीत जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने टेलीविजन और फिल्म जगत की विभिन्न परियोजनाओं में संगीत निर्देशन, गायन एवं संगीत निर्माण का कार्य किया है। वे लोकप्रिय धारावाहिक “गरुड़” के लिए गीतों पर कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में प्रदर्शित गढ़वाली फिल्म “रैबार” के लिए उन्होंने संगीत निर्देशन एवं बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया। निर्माताओं ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल एक भजन प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि शिवभक्ति, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक संगीत के माध्यम से पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विभू काशिव स्टुडियो शीघ्र ही अपना नया गढ़वाली रोमांटिक गीत “तेरी माया” लेकर आ रहा है। इस गीत को देवभू काशिव ने स्वयं लिखा, संगीतबद्ध किया और अपनी आवाज़ दी है।
म्यूजिक वीडियो में धर्मेन्द्र चौहान, अंजलि तथा मोहित गुसाईं मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे। इस भक्ति प्रस्तुति को सफल बनाने में डॉ. गीताराम नौटियाल, विजय प्रसाद मंगाई तथा माँ नंदा देवी धाम की ओर से माँ दीपा मंडेपी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।


Recent Comments