Sunday, April 28, 2024
HomeSports'हैट्रिक गर्ल' वंदना कटारिया कल(आज) पहुंच रहीं घर, स्वागत की हो रही...

‘हैट्रिक गर्ल’ वंदना कटारिया कल(आज) पहुंच रहीं घर, स्वागत की हो रही तैयारी

देहरादून, टोक्यो ओलिंपिक में हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने वाली वंदना कटारिया कल आजउत्तराखंड पहुंचेगी। उनके यहां पहुंचने पर भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है, लेकिन हैरानी की बात है कि उत्तराखंड हाकी संघ को वंदना के घर लौटने तक की भी जानकारी नहीं है।

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी टीम की सदस्य रहीं वंदना कटारिया के घर पहुंचने का सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियों पर न सिर्फ उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश को गर्व है, लेकिन इन सबके बीच राज्य हाकी संघ की सुस्ती काफी हैरान करती है। दरअसल, उत्तराखंड हाकी संघ को वंदना कटारिया के घर लौटने की जानकारी ही नहीं है। उनकी तरफ से वंदना का स्वागत या सम्मानित करने का अभी तक कोई कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।

संघ के सचिव किशोर सिंह बाफिला ने बताया कि उन्हें वंदना के आने की कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि वह हल्द्वानी में हैं और अभी तक सम्मान करने का कोई कार्यक्रम तय नहीं है। इसे हाकी संघ की सुस्ती ही माना जाएगा कि अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश का नाम रोशन करने वाली बेटी के हौसलाफजाई में भी सुस्ती दिखा रहे हैं |

वंदना कटारिया हाकी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उनका परिवार हरिद्वार के रोशनाबाद में रहता है। हरिद्वार भेल से सेवानिवृत्त के बाद वंदना के पिता ने रोशनाबाद में दूध का व्यवसाय शुरू किया था। उनकी सरपरस्ती में वंदना कटारिया ने रोशनाबाद से अपनी हाकी की यात्रा शुरू की। उस वक्त गांव में वंदना के इस कदम को लेकर स्थानीय लोगों ने परिवार के साथ उनका भी मजाक उड़ाया था। पिता नाहर सिंह और माता सोरण देवी ने इसकी परवाह न करते हुए वंदना के सपने को साकार करने के लिए हर कदम पर उसकी सहायता की |

वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी टीम से खेलते हुए गोल की हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने का काम किया है। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वंदना ने 31 जुलाई को टोक्यो ओलिंपिक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हैट्रिक लगाई। राज्य के खेल मंत्री अरविंद पांडे बीते रविवार को अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के रोशनाबाद स्थित घर पर पहुंचे। उन्होंने वंदना की मां सोरण देवी, भाई चंद्रशेखर कटारिया, लाखन कटारिया, पंकज, सौरभ आदि को पुष्पगुच्छ भेंटकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सीएम पुष्‍कर सिंह धामी का वंदना कटारिया को उत्तराखंड में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा के बाद श‍िक्षा मंत्री ने संबंधी प्रमाण पत्र स्वजन को सौंपा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments