‘चैम्पियनशिप में 14 देशों के खिलाड़ी 17 से 20 अगस्त 2026 तक दिखायेंगे अपना दमखम’
देहरादून(एल मोहन लखेड़ा), आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ISAI) ने आज आधिकारिक रूप से आगामी एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 की घोषणा की। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हिमाद्री आइस रिंक में 17 से 20 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह लगातार दूसरा अवसर है जब इस प्रतिष्ठित एशियाई चैम्पियनशिप की मेज़बानी भारत कर रहा है, जिससे देहरादून की पहचान एशिया में अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स और शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के एक प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत हुई है।
स्थानीय एक होटल में पत्रकारों से रूबरू होते हुए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अमिताभ शर्मा ने कहा कि इस चैम्पियनशिप में 14 देशों के भाग लेने की पुष्टि हो चुकी है। जिसमें हांगकांग,थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन,दक्षिण कोरिया आदि शामिल हैं । वहीं अब तक 270 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों तथा 102 कोच, रेफरी और अधिकारी अपनी भागीदारी की पुष्टि कर चुके हैं।
डा. शर्मा ने कहा कि एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी एक आईएसयू-मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता मंच है, जो खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्रदान करता है तथा उन्हें भविष्य की इंटरनेशनल स्केटिंग यूनियन प्रतियोगिताओं और अन्य वैश्विक आयोजनों के लिए तैयार करने में सहायता करता है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन से उत्तराखंड को खेल और पर्यटन दोनों क्षेत्रों में महत्वपूर्ण लाभ मिलने की उम्मीद है। खिलाड़ियों, कोचों, रेफरी, प्रतिनिधियों और सहयोगी स्टाफ सहित 1,000 से अधिक हितधारकों की उपस्थिति अनुमानित है। वहीं प्रतियोगिता का यूट्यूब पर निःशुल्क लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे भारतीय आइस स्पोर्ट्स को वैश्विक स्तर पर व्यापक दृश्यता मिलेगी।
मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. अमिताभ शर्मा ने कहा कि लगातार दूसरी बार एशियन ओपन की मेज़बानी करना भारत और उत्तराखंड दोनों के लिए गर्व की बात है। यह चैम्पियनशिप केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारे देश में शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के मजबूत भविष्य के निर्माण का एक महत्वपूर्ण कदम है। चीन, दक्षिण कोरिया और अन्य अग्रणी एशियाई देशों की भागीदारी इस आयोजन की बढ़ती प्रतिष्ठा और भारत पर अंतरराष्ट्रीय स्केटिंग समुदाय के विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू बर्फ पर विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करना और उन्हें उच्च स्तरीय आईएसयू प्रतियोगिताओं तथा भविष्य की वैश्विक सफलताओं की ओर एक स्थायी मार्ग देना है। हम भारत में आइस स्पोर्ट्स के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय मीडिया संगठनों से अपील करता है कि वे इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय चैम्पियनशिप को व्यापक रूप से प्रस्तुत करें तथा भारत के विंटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों की उपलब्धियों, आकांक्षाओं और मेहनत को देशभर तक पहुँचाने में सहयोग दें और खेल प्रेमियों, विद्यालयों, परिवारों और उत्तराखंड के नागरिकों को भी हिमाद्री आइस रिंक में आकर अंतरराष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग का रोमांच देखने और इस ऐतिहासिक खेल उत्सव का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है।
पत्रकार वार्ता में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डा. अमिताभ शर्मा, सचिव जगराज साहनी, उत्तराखंड एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव पैन्यूली आयोजन मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

Recent Comments