देहरादून ,पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईआईपी, मोहकमपुर, देहरादून में बुधवार को दो दिवसीय संभागीय स्तरीय ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ एवं कला उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। आज और कल आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देहरादून संभाग के 32 केंद्रीय विद्यालयों के 293 विद्यार्थी विभिन्न सांस्कृतिक एवं कलात्मक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं निदेशक डॉ. हरेंद्र सिंह बिष्ट, उपायुक्त श्रीमती प्रीती सक्सेना, सहायक आयुक्त श्री सुरजीत सिंह तथा केंद्रीय विद्यालय बीरपुर की प्राचार्या श्रीमती बसंती खम्पा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का ग्रीन वेलकम एवं बैज प्रदान कर स्वागत किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य एवं शास्त्रीय नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ एवं कला उत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की विविधता, लोक परंपराओं एवं कला-विधाओं को समझने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
उपायुक्त श्रीमती प्रीती सक्सेना ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, विविधता में समरसता एवं ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया। वहीं डॉ. हरेंद्र सिंह बिष्ट ने अपनी भावपूर्ण कविता के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है उत्सव के पहले दिन गायन, नाटक, समूह गायन एवं वाद्य यंत्र प्रतियोगिता के तहत विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति दी

Recent Comments