हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला को सुव्यवस्थित, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं 25 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उनके निर्देश पर कांवड़ पटरी मार्ग, पार्किंग स्थलों और अन्य सुविधाओं पर युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान के साथ स्थायी और अस्थायी शौचालयों की मरम्मत कराई जा रही है। वहीं सिंचाई विभाग बैरागी कैंप और अलकनंदा पार्किंग क्षेत्र में झाड़ियों की सफाई तथा जेसीबी से भूमि समतलीकरण का कार्य कर रहा है।जल निगम की ओर से बैरागी कैंप में शिवभक्तों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नई पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। उधर, उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सड़कों की मरम्मत तेजी से कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में 244 मीटर और दूसरे चरण में 137 मीटर सड़क का कार्य पूरा किया जा चुका है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रियों को इस बार बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Recent Comments