Friday, April 19, 2024
HomeTrending Nowउत्तराखंड़ : पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने पर भाजपा में असंतोष,...

उत्तराखंड़ : पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने पर भाजपा में असंतोष, पार्टी शपथ ग्रहण से ठीक पहले डेमेज कन्ट्रोल में लगी

देहरादून, भाजपा विधायकों में पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। कल बैठक में धामी के नाम की घोषणा होते ही असंतोष दिख गया गया था। सतपाल महाराज और हरक सिंह रावत के हावभाव नाखुशी के थे। इसकी भनक लगते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों नेताओं को फोन कर असंतोष दबाने का प्रयास किया था। लेकिन, फिलहाल असंतोष दबता नहीं दिख रहा है। वरिष्ठ विधायक सतपाल महाराज और हरक सिंह रावत के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता व तीरथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल भी नाराज है। चुफाल ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को फोन कर नाराजगी जताई है। सूत्रों का कहना है कि चुफाल ने कौशिक को साफ कह दिया है कि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। चुफाल ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाने से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श होना चाहिए था। लेकिन, पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं से बात तक नहीं की गई |

गौरतलब है कि बिशन सिंह चुफाल पांच बार के विधायक हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ पदों पर वह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। ऐसे में उनसे जूनियर विधायक को मुख्यमंत्री बनाना उनके गले नहीं उतर रहा है।

सूत्रों का कहना है कि सतपाल महाराज, बिशन सिंह चुफाल, हरक सिंह रावत के अलावा भी बड़ी संख्या में भाजपा विधायक आला कमान के फैसले खुश नहीं है। लेकिन, फिलहाल चुप रहने के अलावा उनके पास कोई विकल्प भी नहीं है। बता दें कि नाराज चल रहे विधायकों में कुछ कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं, जो कुछ साल पहले भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें तीरथ सरकार में मंत्री रहे सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत आदि के नाम मुख्य रूप से चर्चा में हैं। इसके अलावा विधायक बिशन सिंह चुफाल समेत कुछ अन्य विधायक भी नाराज बताए जा रहे हैं। चुफाल ने तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक के समक्ष अपनी पीड़ा भी बयां कर दी।

विधायकों में नाराजगी के भाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व तुरंत ही डैमेज कंट्रोल में जुट गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, नैनीताल से सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने चुफाल से मुलाकात कर उन्हें मनाने की कोशिश की। इसके अलावा हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज समेत कुछ अन्य विधायकों से भी भाजपा नेतृत्व द्वारा संपर्क साधे जाने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, नाराज भाजपा नेताओं को मनाने का जिम्मा अमित शाह ने धन सिंह रावत को सौंपा है। धन सिंह नाराज चल रहे नेताओ को मनाने घर-घर पहुंच रहे हैं। धन सिंह के फोन से अमित शाह ने नाराज चल रहे हरक सिंह, यशपाल आर्य से फोन पर बात की। अमित शाह थोड़ी देर में महाराज से बात कर सकते हैं।

वहीं मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से उनके डालनवाला स्थित आवास में शिष्टाचार भेंट की। ऐसे में लगता है मुख्यमंत्री ने डैमेज कन्ट्रोल की कमान खुद के हाथ मे ले ली है। हालांकि हरक सिंह और सतपाल महाराज की भी सुबह मुलाकात की खबर है।

वहीं विरोध के सुरों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हो रही है। बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, मदन कौशिक, महामंत्री संगठन अजय कुमार और प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार मौजूद हैं। मंत्री धन सिंह रावत, यतीश्वरानंद, बिशन सिंह चुफाल भी भाजपा अध्यक्ष के आवास पर चल रही बैठक के लिए पहुंचे हैं।

ऐसे में सबकी नजरें शाम को राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण पर टिकी हैं। उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने फिर दोहराया कि पार्टी का कोई भी विधायक नाराज नहीं है। सभी पूरी तरह एकजुट हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments