Sunday, April 19, 2026
HomeStatesUttarakhandपोखड़ा के गांव भतकोट में गुलदार ने बच्ची को मार डाला

पोखड़ा के गांव भतकोट में गुलदार ने बच्ची को मार डाला

कोटद्वार(आरएनएस)।  पोखड़ा ब्लॉक के अंतर्गत ग्रामसभा गडरी (कोलागाड) के भतकोट गांव में बृहस्पतिवार रात घर की चौखट पर खाना खा रही चार वर्षीय मासूम बच्ची पर गुलदार ने हमला कर उसे मार डाला। बच्ची का क्षत विक्षत शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर पड़ा मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने देर रात वनकर्मियों व पुलिस के सामने हंगामा किया। डीएम और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए उन्होंने शव नहीं उठने दिया। शुक्रवार सुबह चौबट्टाखाल की एसडीएम और गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ ने पहुंचकर घर के पास ही पोस्टमार्टम के बाद बालिका का शव परिजनों को सौंप दिया। ग्राम प्रधान रश्मि देवी के अनुसार उनकी भतकोट गांव निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय पुत्री दृष्टि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे घर की चौखट के पास ही बैठकर खाना खा रही थी। पास ही उसकी 10 वर्षीय बहन और दादी भी खाना खा रहे थे। अचानक आया गुलदार दृष्टि को घर की चौखट से खींचकर ले गया। परिजनों चीख-पुकार पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और दृष्टि की खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे बाद घर से दो किमी दूर बालिका का क्षत विक्षत शव मिला। रेंजर पोखड़ा नक्षत्र शाह और सतपुली पुलिस रात ही मौके पर पहुंच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने उनके सामने ही जमकर हंगामा किया। वे डीएम और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। शुक्रवार सुबह चौबट्टाखाल की एसडीएम रेखा आर्य और गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे और घर के पास ही पोस्टमार्टम करवाकर बालिका का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से भतकोट, गडरी, गौखंड, मयलगांव, पटोटिया, धूलाछानी, कुणज, पाटिल्यूं, तिमली, तिमलीखाल समेत आसपास के गांवों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
गमगीन माहौल में हुई मृतका की अंत्येष्टि, शूटर तैनाती की उठी मांग:  सतपुली। पोखड़ा ब्लॉक के भतकोट गांव में गुलदार का निवाला बनी 4 वर्षीय दृष्टि की अंत्येष्टि शुक्रवार को गमगीन माहौल में हुई। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। चौबट्टाखाल की एसडीएम और गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ से ग्रामीणों ने तत्काल शूटर की तैनाती करने की मांग की। वहीं, वन विभाग ने घटनास्थल के पास दो पिंजरे लगाने के साथ ही वनकर्मियों की गश्त शुरू कर दी है। ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र रावत, कनिष्ठ प्रमुख संजय जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख बीरोंखाल कुलदीप नेगी, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंत्यूरा, कांग्रेस नेता कविंद्र इष्टवाल, हर्षवर्धन सिंह बिष्ट, बलबीर सिंह रावत समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इंसेट:
भतकोट गांव में 2 पिंजरे, 10 कैमरा ट्रेप, 2 सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाए: सतपुली। पोखड़ा ब्लॉक के भतकोट गांव में वन विभाग की ओर से घटनास्थल के आसपास 2 पिंजरे, 10 कैमरा ट्रेप, 2 सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। वन विभाग की ओर से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, ताकि वन्यजीव की पहचान सुनिश्चित की जा सके। 15-15 सदस्यीय दो विशेष दल गठित कर क्षेत्र में गश्त की जा रही है। वहीं, गुलदार को पकड़ने, ट्रैंकुलाइज करने अथवा आवश्यक होने पर अंतिम विकल्प के रूप में शूट करने के लिए उच्चाधिकारियों को अनुमति हेतु प्रस्ताव भी भेजा गया है।
गुलदार प्रभावित क्षेत्र में दो दिन बंद रहेंगे स्कूल:  उपखंड शिक्षा अधिकारी पोखड़ा मनोज कुमार जोशी ने बताया कि गुलदार प्रभावित क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज कुणजखाल, प्राथमिक विद्यालय पाटल्यूं, प्राथमिक विद्यालय मयलगांव और प्राथमिक विद्यालय पटोटी में शनिवार एवं सोमवार को विद्यालयों में अवकाश रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments