89 वर्ष के सजवाण सर खुद कार चलाकर पहुंचे, 93 वर्षीय जे.पी. सिंह ने दिया आशीर्वाद
देहरादून। केंद्रीय विद्यालय एच.बी.के. नंबर 1 (KV HBK No. 1) एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से एक अभूतपूर्व, ऐतिहासिक और भावुक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब 30 से अधिक वरिष्ठ सेवानिवृत्त (Retired) शिक्षकों को एक साथ एक ही मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। 93 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षक श्री जे.पी. सिंह ने अपनी उपस्थिति से सभी पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। वहीं 89 वर्षीय श्री बी.एस. सजवाण उम्र के इस पड़ाव पर भी स्वयं कार चलाकर स्कूल परिसर पहुंचे। उन्होंने मंच से अपने ओजस्वी विचारों से सभी का मनोबल बढ़ाया और उनकी इच्छाशक्ति पूरे परिसर के लिए प्रेरणास्रोत बनी।
एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से प्रदान किए गए विशेष मान-सम्मान और ‘स्क्रॉल ऑफ ऑनर’ (सम्मान पत्र) को पाकर गुरुजन भावुक हो उठे। अपने पुराने शिष्यों के इस सुंदर प्रयास और आदर भाव को देखकर कई वरिष्ठ शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। शिक्षकों ने कहा कि जीवन के इस मोड़ पर अपने छात्रों को सफल और संस्कारी देखना ही उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी पूंजी है।
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य मयंक शर्मा का विशेष प्रशासनिक सहयोग रहा। वहीं एलुमनाई एसोसिएशन के महासचिव प्रबोध ममगाईं एवं उनकी कोर कार्यकारी समिति—भगत दर्शन, कर्नल अमरदीप, ग्रुप कैप्टन रमेश त्रिपाठी और राकेश बडोला ने सभी वरिष्ठ शिक्षकों के आवागमन (पिक एंड ड्रॉप) से लेकर पूरी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला।
वर्तमान में देहरादून के पूरे परिदृश्य में केवी एच.बी.के. एलुमनाई एसोसिएशन ही एकमात्र ऐसी पूरी तरह सक्रिय और कार्यरत यूनिट है, जो अपनी संस्था और गुरुओं की सेवा में निरंतर समर्पित है।




