दिब्यांग, बृद्धजन 30 सितम्बर तक प्राप्त कर सकते है कृत्रिम अंग : समाज कल्याण अधिकारी

0
989

रुद्रप्रयाग, भारत सरकार द्वारा संचालित वयोश्री योजना का लाभ जनपद के पात्र वृद्ध व दिव्यांगजनों को दिलाए जाने हेतु विकास खंड स्तर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर आयोजित किए गए थे। इसके बाद चिन्हित पात्र लाभार्थियों को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में कृत्रिम अंग वितरित किए गए लेकिन कतिपय वृद्धजन, दिव्यांग व्यक्ति कृत्रिम अंग प्राप्त करने हेतु उपस्थित नहीं हो पाए थे। ऐसे पात्र लाभार्थी 30 सितंबर 2022 तक कृत्रिम अंग प्राप्त कर सकते हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा ने जानकारी देते हुए अवगत कराया कि भारत सरकार की वयोश्री योजना के तहत जनपद के पात्र वृद्ध व दिव्यांगजन व्यक्तियों को नित्य जीवन सहायक कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराए जाने हेतु विकास खंड जखोली में बीते वर्ष 16 नवंबर, अगस्त्यमुनि में 17 तथा विकास खंड ऊखीमठ में 18 नवंबर, 2021 को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए थे। इसके बाद चिन्हित पात्र लाभार्थियों को 26 मई, 2022 को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में उपकरण वितरण शिविर में आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग (समायोजक छड़ी, एल्वो बैसाखी, बैसाखी, टेट्रापोड, ट्राईपोड, फोल्डिंग वाकर, नजर का चश्मा, कान की मशीन, व्हील चेयर, कृत्रिम दोत आदि ) वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि उक्त शिविर में कतिपय वृद्ध व दिव्यांगजन उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने ऐसे चिन्हित पात्र लाभार्थियों को खंड विकास अधिकारी कार्यालय अगस्त्यमुनि से 30 सितंबर, 2022 तक किसी भी कार्यदिवस में रसीद/आधार कार्ड के साथ कृत्रिम अंग प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही कहा कि उक्त निर्धारित तिथि तक कृत्रिम अंग प्राप्त नहीं करने पर ऐसा मान लिया जाएगा कि उन्हें कृत्रिम अंग की आवश्यकता नहीं है तथा उक्त कृत्रिम अंग को किसी अन्य पात्र लाभार्थी को दिया जाएगा। बताया कि चिन्हित पात्र लाभार्थियों को कान की मशीन स्थाई पते पर पंजीकृत डाक के माध्यम से प्रेषित की जा रही है। कृत्रिम अंग प्राप्त करने हेतु मोबाइल नंबर 7895852130 व 9557949276 पर संपर्क किया जा सकता है।