आठगांव शिलिंग मेले का भव्य आगाज, 800 महिलाओं की कलश यात्रा ने बांधा समां

0
9

-विधायक मयूख महर ने किया उद्घाटन, स्टार नाइट में चक्र बहादुर बम और दर्शन फर्स्वाण समेत कई कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू ।

पिथौरागढ़, आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव का सोमवार को डाबरी मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। करीब 800 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुए तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला। विधायक मयूख महर ने उद्घाटन समारोह में शिरकत की। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, रात आयोजित होने वाली स्टार नाइट को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह रहा।

800 महिलाओं की कलश यात्रा से गूंजा क्षेत्र :
महोत्सव के पहले दिन सुबह संगाटा से पारंपरिक कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकली यात्रा डाबरी मैदान स्थित मेला स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा में करीब 800 महिलाओं ने भागीदारी कर आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। यात्रा के साथ ही पूरे क्षेत्र में मेले का उत्सवी माहौल छा गया।
इसके बाद मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर की मौजूदगी में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। मां सरस्वती की वंदना और स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मेला समिति की ओर से मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का बैज, शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
ग्रामोत्थान समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह वल्दिया और मेला संयोजक बिरेन्द्र वल्दिया सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। आयोजकों ने कहा कि मेले का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।

स्थानीय कलाकारों ने बिखेरे संस्कृति के रंग :
महोत्सव में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में दीपिका राज, प्रियांशु कुमार, अमित गोस्वामी, अमित कुमार, मलय आर्या और भावना बोरा ने प्रस्तुतियां दीं। वहीं, कथक नृत्यांगना उन्नति जोशी की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच देने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

शाम को सम्मान समारोह, और स्टार नाइट ::
महोत्सव के पहले दिन शाम 7:30 बजे विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।
इसी कड़ी में रात स्टार नाइट में चक्र बहादुर बम, दर्शन फर्स्वाण, निकिता शर्मा और ललित गित्यार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। गीत-संगीत से सजी इस सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से तैयारियां की गई हैं।

लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है मेला :
आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विभिन्न गांवों के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ लोक परंपराओं को सहेजने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तीन दिवसीय महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here