विश्वकर्मा जयन्ती के अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने की विधिवत पूजा-अर्चना

0
31

रुद्रप्रयाग – भगवान विश्वकर्मा जी की जयन्ती के अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रुद्रप्रयाग सहित जनपद के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में शस्त्र , वाहन एंव अन्य मशीनरी की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर पुलिस लाइन रुद्रप्रयाग में भगवान विश्वकर्मा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा की गई। तत्पश्चात पुलिस विभाग द्वारा दैनिक कार्यों एवं जनसेवा में प्रयोग किए जाने वाले शस्त्रों, वाहनों, वायरलेस सेट, मशीनरी तथा विभिन्न तकनीकी उपकरणों का विधि-विधान से पूजन किया गया। पूजन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भगवान विश्वकर्मा जी से पुलिस के सभी संसाधनों के सुचारु संचालन तथा जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शक्ति एवं सामर्थ्य प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

रुद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जनपद में पुलिस के लिए वाहन, संचार साधन, तकनीकी उपकरण एवं अन्य संसाधन पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार हैं। विषम परिस्थितियों, यात्रा मार्गों एवं आपदा के समय इन संसाधनों के माध्यम से पुलिस बल द्वारा त्वरित रूप से राहत एवं सहायता कार्य किए जाते हैं।

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में तकनीक, दक्षता और संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ आमजन एवं यात्रियों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। पूजन-अर्चना के उपरान्त उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया।

इसी क्रम में जनपद के सभी कोतवाली एवं चौकी परिसरों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा शस्त्रों, वाहनों, वायरलेस उपकरणों, मशीनरी एवं अन्य उपयोगी संसाधनों की पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here