पॉलीथिन कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, छोटे व्यापारियों के उत्पीड़न का लगाया आरोप

0
162

देहरादून(दीपक पंवार),नगर निगम की ओर से पॉलीथिन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पॉलीथिन के नाम पर छोटे कारोबारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और भारी-भरकम चालान किए जा रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि वे भी पॉलीथिन के खिलाफ हैं और शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के प्रयासों का समर्थन करते हैं, लेकिन कार्रवाई का तरीका उचित होना चाहिए।
उनका आरोप है कि छोटे-छोटे दुकानदार, जिनकी दिनभर की बिक्री भी सीमित रहती है, उन पर ऐसे चालान किए जा रहे हैं जो उनकी आर्थिक क्षमता से बाहर हैं।
व्यापारियों ने कहा कि कई बार उनकी दुकानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी पहुंचकर कार्रवाई करते हैं, जिससे छोटे व्यापारियों में भय और उत्पीड़न की भावना पैदा हो रही है। उनका कहना है कि यदि सरकार वास्तव में पॉलीथिन पर रोक लगाना चाहती है तो कार्रवाई केवल छोटे दुकानदारों तक सीमित न रखकर पॉलीथिन के उत्पादन, सप्लाई चेन और बड़े स्तर पर वितरण के स्रोत पर की जानी चाहिए।
व्यापारियों ने मांग की कि नगर निगम और प्रशासन पहले अपनी नीति और मंशा स्पष्ट करें। केवल चालान काटने और कार्रवाई की तस्वीरें प्रकाशित करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को पॉलीथिन की जड़ पर कार्रवाई करनी चाहिए और छोटे व्यापारियों को राहत देनी चाहिए।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न की कार्रवाई जारी रही तो व्यापार मंडल, डिस्ट्रीब्यूटर, जनरल मर्चेंट एसोसिएशन समेत हनुमान चौक क्षेत्र की करीब 11 व्यापारिक संस्थाएं एकजुट होकर बड़ा धरना-प्रदर्शन और जुलूस निकालेंगी। जरूरत पड़ने पर व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां मेयर को सौंपकर बाजार चलाने की जिम्मेदारी निगम को देने की बात भी कह रहे हैं।
व्यापारियों की प्रमुख मांग है कि पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई स्रोत और उत्पादन स्तर से शुरू की जाए, सप्लाई चेन पर प्रभावी रोक लगाई जाए और छोटे व्यापारियों के खिलाफ अनावश्यक उत्पीड़न एवं भारी चालान की कार्रवाई बंद की जाए।