हल्द्वानी में अक्टूबर से शुरू होगा सीजीएचएस वेलनेस सेन्टर, एडी सीजीएचएस का आश्वासन

0
180

देहरादून (राजीव खनसाली), संचार निगम पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एसएनपीडब्ल्यूए), उत्तराखंड सर्किल के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त निदेशक, सीजीएचएस, देहरादून डॉ. अश्वनी कुमार सेनियारे से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उत्तराखंड में सीजीएचएस सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।
एसएनपीडब्ल्यूए सर्किल सचिव एस.एस. रौथाण के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एडी सीजीएचएस को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें उत्तराखंड में देहरादून के अलावा अन्य स्थानों पर वेलनेस सेंटर न होने और डॉक्टरों की कमी की समस्या को उठाया गया था, बैठक में एडी सीजीएचएस ने आश्वासन दिया कि कुमाऊं क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित हल्द्वानी सीजीएचएस वेलनेस सेंटर को अक्टूबर 2026 से फुल-फ्लैज रूप में फंक्शनल कर दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सर्वे ऑफ इंडिया की डिस्पेंसरी को सीजीएचएस वेलनेस सेंटर में बदलने का कार्य उनकी प्राथमिकता में है। इसके कन्वर्जन से डॉक्टरों सहित पूरे स्टाफ के साथ एक पूर्ण सुसज्जित वेलनेस सेंटर मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न कारणों से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री डिस्पेंसरी के कन्वर्जन का प्रस्ताव अब लगभग समाप्त हो गया है। हरिद्वार और कोटद्वार में नए वेलनेस सेंटर खोलने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है, इसके लिए एसएनपीडब्ल्यूए को भी अपने स्तर पर प्रयास करने को कहा।
उन्होंने आश्वत किया कि देहरादून के वेलनेस सेंटरों में डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। एडी, सीजीएचएस
ने एसएनपीडब्ल्यूए द्वारा पेंशनरों को जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की, वहीं एसएनपीडब्ल्यूए ने सीजीएचएस सेवाओं में सुधार के लिए एडी का आभार जताया।
बैठक में सीजीएचएस की ओर से डॉ. शिवानी तथा एसएनपीडब्ल्यूए की ओर से सर्किल सचिव एस.एस. रौथाण, उपाध्यक्ष संजय बिश्नोई, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा खनसाली, सीडब्ल्यूसी सदस्य रणजीत बंदूनी, जिला सचिव उदयभान शर्मा, एल.एन. त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।