देहरादून, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ओ एल एफ देहरादून में आज लोकप्रिय प्राचार्य रचना देव बच्चों शिक्षकों एवं अभिभावकों के दिल में राज कर स्वेछा से पूर्व में सेवानिवृत्ति हुई इस अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, पूर्व एवं वर्तमान शिक्षकगण, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भावपूर्ण गीतों, कविताओं तथा स्मृतियों ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने उद्बोधन में श्रीमती रचना देव के स्नेहपूर्ण व्यवहार, अनुशासित कार्यशैली, दूरदर्शी नेतृत्व एवं शिक्षा के प्रति उनके समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह में उपस्थिति प्राचार्य आई एम ए मामचंद, प्राचार्य ओएनजीसी सुशील कुमार धीमान एवं प्राचार्य एचबीके क्रमांक एक मयंक शर्मा ने रचना देव द्वारा किये कार्यों की भूरी भूरी प्रसंसा करते हुए कहा रचना देव उनकी मार्गदर्शक रही है और समय समय पर हमें उनका सुझाव एवं आशीर्वाद मिलता रहा है!
अखिल भारतीय केंद्रीय विद्यालय शिक्षक संघ के महासचिव डी एम लखेडा ने इस अवसर पर कहा देव मैडम कर्मठथा एवं ईमानदारी की प्रतिमूर्ति रही है मानवता उनके अंदर कूट कूट के भरी है और विपत्ति में हमेशा वह धनबल सहित विपत्ति के हर मोड़ तक पीड़ित शिक्षक के साथ विकट परिस्थिति में ख़डी रही
अपने कार्यकाल के दौरान श्रीमती रचना देव ने विद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, नवाचार तथा सह-शैक्षिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शिक्षकों के उत्साहवर्धन के लिए उनके प्रयास सदैव प्रेरणादायी रहेंगे।
अपने भावुक संबोधन में श्रीमती रचना देव ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहेगा और यहाँ बिताए गए अविस्मरणीय क्षण सदैव उनकी स्मृतियों में जीवंत रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति-चिन्ह, पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-पत्र भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएँ दी गईं। समारोह के अंत में जब सभी ने उन्हें स्नेहिल विदाई दी तो पूरा वातावरण भावनाओं से भर उठा और अनेक लोगों की आँखें नम हो गईं।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती रचना देव का स्नेह, मार्गदर्शन, नेतृत्व एवं प्रेरणा सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकाश-पुंज बनी रहेगी। उनकी सेवाएँ और योगदान विद्यालय के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षक पीयूष निगम ने चलते चलते गीत गाकर सभागार में मौजूद सभी लोगों को इस गीत के साथ जुड़ने एवं विदाई समारोह को यादगार बनाया!
विदाई समारोह में पूर्व प्राचार्य मिकी खुलबे,अमिताभ देव, वरिष्ठ शिक्षक मनोज मित्तल, मुकेश रतूड़ी, के सी गोनियाल, मनीषा भारद्वाज, कामना नेगी,ज्योति मेहता,डी पी थपलियाल, जे के श्रीवास्तव, राकेश गोयल एवं रचना देव के पारिवारिक लोग समारोह की गरिमा बड़ा रहे थे!


Recent Comments