Saturday, July 11, 2026
HomeTrending Nowबी.एस. नेगी महिला पॉलिटेक्निक की छात्राओं ने लहराया परचम, प्रिया मनराल ने...

बी.एस. नेगी महिला पॉलिटेक्निक की छात्राओं ने लहराया परचम, प्रिया मनराल ने किया टॉप

देहरादून। बी.एस. नेगी महिला प्राविधिक प्रशिक्षण संस्थान (BSNMPPS) की छात्राओं ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतिम वर्ष की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद, रुड़की से संबद्ध इस संस्थान के सभी विभागों का परीक्षाफल उत्कृष्ट रहा है। संस्थान में गारमेंट टेक्नोलॉजी विभाग की छात्रा कुमारी प्रिया मनराल ने 97.12% अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, फैशन डिज़ाइन विभाग की कुमारी बरखा राणा 96.97% अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।  टेक्सटाइल डिज़ाइन की सृष्टि (92.30%), मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एवं सेक्रेटेरियल प्रैक्टिसेज़ की मीनाक्षी (88.60%), इंटीरियर डिज़ाइन की प्रज्ञा सैनी (88.01%) तथा पीजीडीसीए की नाज़िया (79.73%) ने भी अपने-अपने विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
संस्थान की छात्राओं ने सभी सेमेस्टरों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और समग्र विकास की परंपरा को मजबूत किया है।
वर्ष 1987 में प्रख्यात समाज सेविका शोभना वाही द्वारा स्थापित यह संस्थान उत्तराखण्ड का पहला महिला पॉलिटेक्निक है। यहां फैशन डिज़ाइन, टेक्सटाइल डिज़ाइन, इंटीरियर डिज़ाइन, गारमेंट टेक्नोलॉजी, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एवं सेक्रेटेरियल प्रैक्टिसेज़ तथा पीजीडीसीए के डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इसके अलावा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री पाठ्यक्रम भी संचालित हैं।
संस्थान में अध्ययनरत लगभग 300 छात्राओं में से 80 से 85 प्रतिशत छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं, जिन्हें मेरिट-कम-मीन्स के आधार पर 10 से 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति एवं प्रायोजन की सुविधा मिलती है। संस्थान का लगभग शत-प्रतिशत प्लेसमेंट रिकॉर्ड इसे प्रदेश के अग्रणी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल करता है।
संस्थान की मानद प्राचार्या श्रीमती नमिता मामगाईं ने इस उपलब्धि का श्रेय छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा, “परिवर्तन की शुरुआत संकल्प से होती है। जब नेतृत्व में दृढ़ निश्चय होता है, तो संस्थान अपनी शक्ति पुनः प्राप्त करते हैं। हमारा उद्देश्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, दक्षता एवं चरित्र का निर्माण करना है।”
गवर्निंग बॉडी ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं मानद प्राचार्या को बधाई देते हुए भविष्य में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रायोजन सहयोग और आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अंतिम वर्ष के मेधावी टॉपर्स की सूची:
स्थान छात्रा का नाम विभाग प्रतिशत
प्रथम प्रिया मनराल गारमेंट टेक्नोलॉजी 97.12%
द्वितीय बरखा राणा फैशन डिज़ाइन 96.97%
तृतीय सृष्टि टेक्सटाइल डिज़ाइन 92.30%
चतुर्थ मीनाक्षी मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट 88.60%
पंचम प्रज्ञा सैनी इंटीरियर डिज़ाइन 88.01%
षष्ठम् नाज़िया पी.जी.डी.सी.ए. (PGDCA) 79.73%

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments