देहरादून। उत्तराखण्ड में जल जीवन मिशन (जे.जे.एम.) के तहत कार्य कर रहे ठेकेदारों ने लंबित भुगतानों को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। सोमवार को देहरादून प्रेस क्लब में जे.जे.एम. कांट्रेक्टर संगठनों के संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों ने सरकार पर भुगतान में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक आनन्द सिंह राणा ने कहा कि राज्य के 16 हजार से अधिक गांवों में जल जीवन मिशन के तहत अधिकांश योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि ठेकेदारों ने अपनी जमा पूंजी और कर्ज लेकर लगभग 15 हजार से अधिक योजनाओं को पूरा किया, लेकिन वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कोई धनराशि जारी नहीं होने से ठेकेदार आर्थिक संकट में पहुंच गए हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान न मिलने से कार्यों की प्रगति भी प्रभावित हो रही है और हजारों ठेकेदार कर्ज तथा आर्थिक बदहाली से जूझ रहे हैं। मजदूरों की स्थिति भी दयनीय हो चुकी है। इसी के चलते संयुक्त मोर्चा ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।
मोर्चा के अनुसार 16 जून को देहरादून मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर सरकार को जगाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद 30 जून 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विभागीय कार्यालयों पर धरना, तालाबंदी और समस्त योजनाओं में पानी बंद करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संयुक्त मोर्चा के सह-संयोजक प्रशांत गुप्ता ने कहा कि पाइप सप्लायर कंपनियों ने ठेकेदारों को करोड़ों रुपये का सामान उधार दिया है, लेकिन भुगतान अटकने से छोटी-बड़ी कंपनियों का कारोबार ठप पड़ गया है। उन्होंने दावा किया कि जिंदल और अपोलो जैसी कंपनियों का उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।
मोर्चा के महामंत्री हेमेन्द्र चौहान ने कहा कि हजारों स्थानीय और बाहरी मजदूर भुगतान के अभाव में भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने इसे मानवाधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि किसानों के बाद अब ठेकेदारों और मजदूरों के सामने आत्महत्या जैसी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि केंद्र सरकार से शीघ्र धनराशि जारी कराई जाए या राज्य सरकार स्वयं वित्तीय व्यवस्था कर ठेकेदारों का भुगतान सुनिश्चित करे। साथ ही चेतावनी दी कि चुनावी वर्ष में यदि सरकार ने समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पत्रकार वार्ता में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव जोशी, महिपाल सिंह पडियार, आयु शर्मा, संजय नौटियाल, प्रीतम चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



Recent Comments