देहरादून, जनपद के थाना प्रेमनगर इलाके से गुरुवार को 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ दर्दनाक लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात दो बदमाशों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियरययुवक का अपहरण कर लिया, उसके साथ मारपीट की, सामान लूट लिया और फिर जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और पूरी रात नदी के किनारे जिंदगी-मौत से जूझता रहा। सुबह स्थानीय लोगों ने उसे बचाया।
मिली जाधकारी के मुताबिक शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार के पुत्र आकाश कुमार आईटी पार्क की एक प्रतिष्ठित कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी ड्यूटी शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक रहती है। गुरुवार रात करीब 2:15 बजे जब आकाश सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उन्हें जबरन अपने साथ स्कूटी पर बिठा लिया। आरोपियों ने युवक को घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट क्षेत्र से होते हुए जामुनवाला पुल तक ले गए। वहां उन्होंने आकाश के साथ बुरी तरह मारपीट की और उसके बैग, दो मोबाइल फोन तथा पर्स में रखे करीब 700 रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने युवक को पुल से नीचे बहती नदी में धकेल दिया। गिरने की वजह से आकाश की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।गंभीर हालत में पूरी रात आकाश नदी किनारे पत्थरों के बीच फंसे घायल अवस्था में पड़े रहे। बीती सुबह आसपास के स्थानीय लोगों को उनकी आवाज सुनाई दी, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवक को तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर्स के अनुसार आकाश की रीढ़ में गंभीर चोट है। वह अभी शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह सामान्य नहीं हैं, जिस कारण घटना की पूरी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
पीड़ित के पिता विनोद कुमार ने थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रेमनगर के एसएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सहस्रधारा क्रॉसिंग, घंटाघर, बिंदाल पुल और जामुनवाला पुल क्षेत्र के आसपास के कैमरों से प्राप्त फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी भी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद देर रात काम से घर लौट रहे युवक युवतियों की चिंतायें बढ़ गयी।



Recent Comments