मानसिक व वित्तीय परेशानी के चलते दंपत्ति ने उठाया खौफनाक कदम
हरिद्वार, गुमशुदा महंत की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक दम्पत्ति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी निशानदेही पर मृतक महंत का शव व हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गयी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने बताया कि 10 फरवरी को ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिह ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर बताया गया था कि रविदास आश्रम में निवासरत महात्मा बृजेश दास दिनांक 5 फरवरी को बिना बताये कहीं चले गए हैं और तब से उनका कोई अता—पता नही है। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी।
गुमशुदा महंत बृजेशदास की तलाश में जुटी थाना भगवानपुर व सीआईयू रुड़की की संयुक्त पुलिस टीम ने विभिन्न सुरागों के आधार पर जानकारी जुटाई तो सामने आया कि गुमशुदा बृजेश दास बागपत निवासी एक महिला के संपर्क में था तथा अंतिम बार भी उक्त महिला से ही मोबाइल नंबर के जरिए बात हुई थी। सामने आयी जानकारी के मुताबिक जब पुलिस टीम ने उक्त महिला व उसके पति से गंभीरता से पूछताछ की तो महिला ने बताया कि पुराना परिचित होने व रिश्तेदारी में आने के चलते गुमशुदा बृजेश दास का अक्सर उसके घर पर आना जाना था। इस बीच बृजेश द्वारा अक्सर मानसिक व वित्तीय तौर पर परेशान किए जाने व अनावश्यक दबाव डालने पर महिला ने 5 फरवरी को कॉल कर बृजेश दास को अपने घर पर बुलाया जहां योजना के मुताबिक घर पहुंचे महिला के पति ने कुल्हाडी से वार कर बृजेश दास की हत्या कर दी। हत्या के बाद हत्यारोपी और उसके भाई ने रात के अंधेरे में शव और मोटर साईकिल कृष्णा नदी में बहा दिए। बताया कि कत्ल की इस वारदात को छिपाने के लिए हत्यारोपियों ने मृतक का मोबाईल फोन, बिस्तर पर लगी चादर, गद्दा, मृतक के कुछ कपड़े व शव लपेटने के लिए इस्तेमाल की गई चादर को आग लगाकर नष्ट करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने हत्यारोपियों की निशांदेही पर नदी के किनारे से गुमशुदा महंत बृजेश दास का शव बरामद किया।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने भूसे के ढ़ेर मे छिपाकर रखी गयी कुल्हाड़ी, मृतक के मोबाइल के अधजले पार्टस/बैटरी, मृतक के जलाये कपडों की राख आदि बरामद की गई। हत्यारोपियों के नाम संजीव पुत्र स्व. रामपाल निवासी ग्राम गांगनौली थाना दोघट जिला बागपत उ.प्र., महिला पत्नी संजीव व जोगेन्द्र पुत्र स्व. रामपाल वर्तमान निवासी सोनीपत हरियाणा बताये जा रहे है। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



Recent Comments