Saturday, April 25, 2026
HomeTrending Nowजनपद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का आउटकम सर्वे सम्पन्न

जनपद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का आउटकम सर्वे सम्पन्न

रुद्रप्रयाग – जनपद में महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक प्रगति एवं आजीविका की स्थिति का व्यापक मूल्यांकन किए जाने के उद्देश्य से मजारस रिसर्च – नई दिल्ली की आउटकम सर्वे एजेंसी द्वारा 09 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 तक विस्तृत आउटकम सर्वे किया गया। यह सर्वे ग्रामोत्थान (REAP) एवं उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (USRLM) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं पर केंद्रित रहा।
सर्वे टीम ने ब्लॉक उखीमठ के ग्राम गड्गु एवं ग्राम लमगोंडी तथा ब्लॉक जखोली के ग्राम डोभ एवं ग्राम ललूडी में समूहों से जुड़ी महिलाओं से विस्तृत जानकारी संकलित की। मजारस एजेंसी के फील्ड समन्वयकों द्वारा महिलाओं के विभिन्न आयामों पर मूल्यांकन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से आजीविका से संबंधित गतिविधियों की वर्तमान स्थिति, महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में हुए सुधार का आकलन, बैंकिंग सेवाओं के लाभ प्राप्त करने की स्थिति, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ का प्राप्तिकरण, तथा कृषि से संबंधित योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी का मूल्यांकन, महिलाओं की वर्तमान चुनौतियों एवं भविष्य की आवश्यकताओं का विश्लेषण शामिल रहा।
सर्वे का उद्देश्य गांव-स्तर पर महिलाओं की वास्तविक स्थिति, उनकी समृद्धि, अवसरों एवं बाधाओं का आंकलन कर आगामी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाना है। इस सर्वे से प्राप्त निष्कर्ष समूहों की महिलाओं की आर्थिक-सामाजिक स्थिति को और मजबूती प्रदान करने हेतु नीतिगत सुधारों तथा आजीविका संवर्द्धन कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण आधार सिद्ध होंगे।
जनपद प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा यह आशा व्यक्त की गई है कि आउटकम सर्वे से प्राप्त रिपोर्ट भविष्य में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मार्गदर्शक सिद्ध होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments