Saturday, October 5, 2024
HomeTrending Nowमुख्यमंत्री धामी ने  किया पं.गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि पंतनगर...

मुख्यमंत्री धामी ने  किया पं.गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि पंतनगर में 116वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ

देहरादून(आरएनएस)।   मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पं.गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर पहुँचकर 116वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और हरेला उद्यान का वर्चुअल शुभारम्भ भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से आये प्रगतिशील कृषकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 116वां किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी की बधाई देते हुए कहा कि भारत में हरित क्रांति के अग्रदूत के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आकर उन्हें हर्ष का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के किसान मेले प्रदेश के किसान भाईयों की उन्नति में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि इस प्रकार के कृषि मेलों के माध्यम से वैज्ञानिक, किसान एवं उद्यमी एक ही स्थान पर कृषि सम्बन्धी नवीनतम तकनीकों तथा विभिन्न जानकारियों का आदान-प्रदान कर सकते हैं। किसानों को उन्नत बीज, पौध, कृषि यंत्र और जैविक खाद सहित कृषि से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं एक ही स्थान पर मिल जाती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस मेले में उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी जानकारियों से हमारे किसान अवश्य लाभान्वित होंगे।  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह मेला वास्तव में कृषि का एक ऐसा कुंभ है, जो किसानों को आधुनिक तकनीकी का बोध कराकर उन्हें समृद्ध बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के किसानों को कुशल, समृद्ध और आधुनिक सुख-सुविधा युक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। आज एक ओर उपज बढ़ाने के लिए तकनीकी के प्रयोग और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार द्वारा किसानों को सभी प्रमुख फसलों पर बढ़ी हुई एम.एस.पी देकर किसानों की आय में बढ़ोत्तरी सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के प्रति मोदी जी की प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तो सबसे पहले उन्होंने किसान भाईयों को किसान सम्मान निधि आवंटित करने वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। किसान सम्मान निधि की योजना के जरिए आज उत्तराखंड के भी लगभग 8 लाख से अधिक किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है,  इतना ही नहीं, मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले दिनों किसान भाईयों का जीवन स्तर बेहतर करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से करीब 14 हज़ार करोड़ रुपये की लागत वाली कुल सात नई योजनाओं को भी मंजूरी दी है। जिन योजनाओं से किसानों को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से राज्य सरकार भी प्रदेश के किसानों के उत्थान एवं समृद्धि हेतु संकल्पित होकर निरंतर कार्य कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपए तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है तथा किसानों को कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य “फार्म मशीनरी बैंक“ योजना के जरिये कृषि उपकरण खरीदने के लिए 80 फीसदी तक की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद पर कृषकों को प्रति क्विंटल 20 रू. का बोनस दिया जा रहा है, गन्ने के रेट में भी 20 रूपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए नहर से सिंचाई को बिल्कुल मुफ्त कर दिया गया है। चाय बागान धौलादेवी, मुन्स्यारी और बेतालघाट को जैविक चाय बागान के रूप में परिवर्तित किया जा रहा है। सगंध खेती को बढ़ावा देने के लिए 6 एरोमा वैली विकसित करने पर कार्य किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट में 200 करोड़ रूपए का प्रावधान विशेष रूप से पॉलीहाउस निर्माण के लिए किया है, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ ही रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा आधारित खेती को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से “उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट“ भी स्वीकृत किया गया है। फलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए भी सरकार विभिन्न स्तर पर काम कर रही है, जिसके अंतर्गत सेब और कीवी का उत्पादन व्यापक स्तर पर बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य में एप्पल और कीवी मिशन की शुरुआत की गई है। एप्पल मिशन के अंतर्गत सेब के बागान लगाने वाले किसानों को 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। कीवी के बगीचे स्थापित करने में भी सरकार हर संभव मदद कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं.गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय “उन्नत कृषि-समृद्ध किसान“ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पर विकसित की गई फसलों, सब्जियों एवं फलों की विभिन्न प्रजातियां और अनेक उन्नत कृषि तकनीकें ना सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के किसानों को फायदा पहुंचा रही हैं। आज आयोजित हो रहा यह किसान मेला निश्चित रूप से किसान भाईयों के उत्थान में अहम योगदान देगा।
पं.गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने सभी अतिथियों व किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है तथा प्रदेश की जीडीपी भी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि पूरे देश में दलहन की 28 बीज स्वीकृत हुए हैं जिसमें से 10 बीज पंतनगर विश्वविद्यालय के खाते में आये हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ग्लोबल बनने जा रहा है विगत दो वर्षों में विश्वविद्यालय द्वारा 7 एमओयू अंतरराष्ट्रीय स्तर के हुए हैं तथा विश्वविद्यालय द्वारा 300 कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं तथा ड्रोन व एआई तकनीक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर भी विश्वविद्यालय द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बद्री गाय का क्लोन भी विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, तिलक राज बेहड़, राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, जिला महामंत्री भाजपा अमित नारंग, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, उप महानिदेशक यूएस गौतम, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, एसएसपी मणिकांत मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, एसपी सिटी मनोज कत्याल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण व किसान आदि उपस्थित थे।

 

स्वर्गपुरी आश्रम में डॉ. महेश भंडारी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजन

 

देहरादून, दून रेजीडेंट्स वेलफेयर फ्रंट के अध्यक्ष डा. महेश भंडारी के निधन पर शहर के सामाजिक लोगों ने शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी । डा. भंडारी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी। रिटायर होने के बाद डालनवाला में रहने वाले डा. भंडारी ने सफाई, सुरक्षा, यातायात के मुद्दे पर मुखरता से आवाज बुलंद की।
संयुक्त नागरिक संगठन के महासचिव सुशील त्यागी ने जानकारी देकर बताया कि वह लंबे समय से गुर्दे एवं फेफड़ों की बीमारी से ग्रसित थे। पुणे में बेटी के पास रहकर अपना इलाज करा रहे थे। कई दिनों से एक अस्पताल में वेंटीलेटर पर थे।
डॉ. महेश भंडारी के निधन पर स्वर्गपुरी आश्रम रेसकोर्स में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने संदेश में डॉ. भंडारी की सेवाओं को अतुलनीय बताते हुए उनको दून का नवरत्न बताया।
सभा में विधायक खजान दास,हीरा सिंह बिष्ट, विनोद चमोली, ब्रिगेडियर केजी बहल, डॉ मुकुल शर्मा, चौधरी ओमवीर सिंह, मुकेश नारायण शर्मा, सुशील त्यागी, सूर्यकांत धस्माना, आशा टम्टा, जी एस जस्सल, आरिफ खान, नवीन सदाना, योगेश अग्रवाल, श्वेता राज तलवार, विशंभर नाथ बजाज, विकास दीवान, आशा मनोरमा डोबरियाल, कांति नंदा, पुनीत मित्तल आदि शामिल थे ।

 

नागरिकों को ‘मित्र हेल्पलाइन’ की मदद से मिलेगी कानूनी मदद, आईटीडीए ने पोर्टल व मोबाइल एप किया तैयार

“सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतें भी करा सकेंगे दर्ज”

May be an image of 1 person and phone

देहरादून, अब प्रदेश में न्याय मित्र हेल्पलाइन की मदद से लोगों को कानूनी मदद मिल सकेगी। मुख्य सचिव के निर्देश पर आईटीडीए ने इसका पोर्टल व मोबाइल एप तैयार कर दिया है, जिसका उद्घाटन हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश रितु बाहरी ने किया।
न्याय मित्र के माध्यम से राज्य के नागरिक मुफ्त कानूनी सहायक ले सकेंगे। अपने मामले स्थायी लोक अदालतों में दर्ज करा सकेंगे। यह अगले दो माह में पूर्ण रूप से जनमानस के लिए मुहैया करा दिया जाएगा। हेल्पलाइन के माध्यम से न केवल कानूनी सहायता मिलेगी, बल्कि सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतें भी दर्ज करा सकेंगे जो सीएम हेल्पलाइन पर भेज दी जाएंगी।

 

हिमालय एवं गंगा बचाओ अभियान : विधायक किशोर और संतों ने किया गंगा पूजन व दुग्धाभिषेकMay be an image of 2 people and temple

हरिद्वार, हिमालय बचाओ एंव गंगा बचाओ अभियान के तहत भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय एवं संत समाज ने श्री चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज के नेतृत्व में हर की पैड़ी ब्रह्म कुंड पर गंगा सभा पदाधिकारियों के साथ गंगा पूजन एवं दुगधाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में हम सभी को गंगा एवं हिमालय के प्रति सजग रहकर इनके अस्तित्व को बचाने के लिए आगे आना होगा। ग्लेशियर लगातार तेजी से पिघल रहे हैं और गंगा का वेग लगातार घट रहा है। यदि इसी प्रकार गंगा का वेग घटता रहा और ग्लेशियर पिघलते रहे तो आने वाली पीढ़ी पर गौमुख से लेकर गंगासागर तक भयंकर संकट आ सकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनकी बातचीत हुई है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हरिद्वार से बुद्धिजीवी, समाजसेवी, डॉक्टर, वकील तथा विभिन्न संगठनों के लोगों को मिलाकर एक कमेटी तैयार की जाएगी जो हिमालय एवं गंगा बचाओ अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने का कार्य करेगी।
श्री चेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष स्वामी ऋषिश्वरानंद ने कहा कि राज्य सरकार को गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता निर्मलता बनाए रखने के लिए कठोर कानून बनना चाहिए। देवभूमि आने वाला कोई भी व्यक्ति अथवा श्रद्धालु गंगा में गंदगी न फेंके और गंगा की निर्मलता व कोमलता बनी रहे। मिलजुलकर सभी के प्रयासों से हिमालय और गंगा का अस्तित्व बच सकता है हम सभी को इसके प्रति जागरूक होना होगा। साथ ही राज्य सरकार को भी विभिन्न कार्यक्रमों और एलईडी टीवी के जरिए लोगों को जागरूक करना होगा कि वह किसी भी प्रकार की पॉलिथीन पुराने वस्त्र अथवा सामग्री गंगा में प्रवाहित ना करें। संत समाज जल्द ही इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर वार्ता करेगा।
युवा भारत साधु समाज के महामंत्री स्वामी रविदेव शास्त्री एवं गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि मां गंगा करोड़ों श्रद्धालु भक्तों की आस्था का प्रतीक है गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखना हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है। हम सभी की गंगा और पर्यावरण के प्रति आस्था और श्रद्धा बनी रहेगी तभी भाभी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रहेगा। इस अवसर पर महंत श्रवण मुनि, महंत दिनेश दास, महंत ज्योतिर्मयानंद, स्वामी हरिहरानंद महंत सुतिक्षण मुनि,योगी आशुतोष, स्वामी गगनदेव गिरी, स्वामी प्रेमविक्रम सहित कई लोग मौजूद रहे।May be an image of 2 people and temple

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments