यूटीईटी परीक्षा 29 सितम्बर को होगी आयोजित, 29 शहरों के 97 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, प्रवेश पत्र होंगे 16 से डाउनलोड

0
712

नैनीताल (रामनगर), उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद के संचालन में 29 सितंबर को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी प्रथम एवं द्वितीय) 2023 के प्रवेश पत्र परीक्षार्थी 16 सितंबर से डाउनलोड कर सकेंगे।

राज्य के 29 शहरों में बनाए गए 97 परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सुबह की पाली में प्रात दस से साढ़े बारह बजे तक यूटीईटी प्रथम तथा शाम की पाली में अपराह्न दो से साढ़े चार बजे तक यूटीईटी द्वितीय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यूटीईटी प्रथम में 24,418 तथा द्वितीय में 24,166 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर सभापति सीमा जौनसारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों एवं परीक्षा शहरों हेतु नामित नोडल अधिकारियों की आन-लाइन बैठक ली गई। बैठक में सभी 13 जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों एव 29 नोडल अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में सभापति ने पूरी शुचिता एवं पारदर्शिता से परीक्षा का संपादन करने तथा परीक्षा तिथि को परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन से संपर्क कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी गई। सभापति ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल पूर्णत प्रतिबंधित होगा। बैठक में परिषद के सचिव वीपी सिमल्टी, अपर सचिव बीएमएस रावत, संयुक्त सचिव एसपी सिंह, उप सचिव सीपी रतूड़ी ने भी हिस्सा लिया।
वहीं परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया अहर्ता वाले सभी (शुल्क भुगतान सहित) अभ्यर्थियों के प्रदेश-पत्र परिषद की वेबसाइट www.ukutet.com एवं www.ubse.uk.gov.in के DEPARTMENTAL EXAM/UTET ऑइकॉन पर अपलोड किए जा चुके है। अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण) नम्बर एवं पासवर्ड अथवा नाम व जन्मतिथि (जैसा आवेदन पत्र में अंकित किया गया है) भर कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। यदि किसी अभ्यर्थी का परीक्षा प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहा हो और उसके द्वारा विधिवत ऑन-लाइन (शुल्क भुगतान सहित) आवेदन किया गया हो तो वह दिनांक 27 से 28 सितम्बर 2023 को कार्यालय समय में अपने द्वारा परीक्षा हेतु चयनित प्रथम परीक्षा शहर में बने नोडल परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होकर अपना प्रवेशपत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस हेतु अभ्यर्थी को ऑन-लाइन आवेदन पत्र की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो (आवेदन पत्र में अपलोड किये गये फोटो समान) एवं फोटो पहचान पत्र (जैसा कि आवेदन में अंकित किया गया है) की छाया प्रति प्रस्तुत करनी होगी। परीक्षा शहरवार नोडल परीक्षा केन्द्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।