Thursday, May 2, 2024
HomeTrending Nowराष्ट्र के सम्मान साथ राष्ट्र व उत्तराखंड के विकास को आगे बढ़ाने...

राष्ट्र के सम्मान साथ राष्ट्र व उत्तराखंड के विकास को आगे बढ़ाने का काम करें, भाजपा को वोट दें : पीएम मोदी

“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज हरिद्वार में भाजपा की वर्चुअल रैली को संबोधित किया। रैली से हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के लोग शामिल हुए। इसके बाद मोदी राज्य की अन्य चार लोकसभा क्षेत्रों में भी वर्चुअल रैली करेंगे। सभी लोकसभा क्षेत्रों में पीएम मोदी के वर्चुअल जन चौपाल कार्यक्रम दोबारा से तय कर दिए हैं।”

देहरादून,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल रैली आज (सोमवार) हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के लिए आयोजित की गई। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों में उत्तराखंड के विकास के लिए जगह नहीं है। पिछली सरकारों ने उत्तराखंउ के संसाधनों को लूटा। जबकि, हमारे लिए उत्तराखंड देवभूमि है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंड को एटीएम समझ रखा है। लेकिन, इस बार भी जनता उसे मौका नहीं देगी। उत्तराखंड में फिर डबल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने जनता से भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि 14 फरवरी को वोट देते समय लोग कांग्रेस और कांग्रेस के गुनाहों को याद रखें। भाजपा को वोट देकर राष्ट्र के सम्मान, राष्ट्र के विकास और उत्तराखंड के विकास को आगे बढ़ाने का काम करें।

मोदी ने कहा भाजपा ने सरकार में आने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य बनाया। दूसरी ओर वे लोग हैं जिन्होंने उत्तराखंड के निर्माण को रोकने के लिए हर संभव षड्यंत्र किया। जितने हो सकते थे रोड़े अटकाए। कांग्रेस उत्तराखंड को पीछे धकलने के लिए देश की सुरक्षा तक को ताक पर रखने में संकोच नहीं किया। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो खुद अच्छा नहीं करना चाहते हैं, कोई अच्छा कर दे तो उनके पेट में दर्द होने लगता है। उत्तराखंड को लेकर कांग्रेस पार्टी का यही रवैया रहा है। कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार होने से चीजें कैसे बदलती हैं, विकास पर लगे हुए ब्रेक कैसे हटते हैं इसका बहुत बड़ा उदाहरण ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम एक दशक पहले शुरू होना था। लेकिन, पिछली ब्रेक वाली सरकार ब्रेक पर ब्रेक लगाती रही।

उत्तराखंड की स्थापना को 21 साल हुए हैं। 21 साल का हमारा युवा उत्तराखंड वैसे ही नौजवान और बड़े सपने लेकर आगे बढ़ रहा है। अगले 3-4 साल बाद उत्तराखंड अपने 25 साल पूरे करेगा। राज्य को इस महत्वपूर्ण मुकाम पर आपकी अगली सरकार, धामी जी के नेतृत्व में लेकर जाएगी। इस बार के बजट में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड जैसे राज्यों के लिए ‘पर्वतमाला परियोजना’ की घोषणा की है। इससे पहाड़ों पर विकास के नए युग का आरंभ होने जा रहा है। आने वाले समय में यहां पर्यटन बढ़ेगा, रोजगार बढ़ेगा और युवा अपने सपनों को पूरा कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग देवभूमि में तुष्टीकरण का जहर घोलने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस नेता यूनिवर्सिटी के नाम पर जो तुष्टिकरण यहां कर रहे हैं, वो उत्तराखंड के लोगों की आंख खोलने के लिए काफी है।

निशंक का दावा, प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली में एक लाख से अधिक लोग जुड़े

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र से विधानसभा क्षेत्र के एक लाख से अधिक लोग जुड़ रहे हैं। भाजपा ने प्रदेश के पांचों लोकसभा क्षेत्रों में मोदी के वर्चुअल जन चौपाल कार्यक्रम दोबारा से तय कर दिए हैं। भाजपा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में मोदी की भौतिक चुनावी रैली कराने की भी तैयारी कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments