रुद्रप्रयाग – उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के थिंक टैंक कहे जाने वाले पूर्व विधायक स्व विपिन चन्द्र त्रिपाठी को उनकी 22वी पुण्य तिथि पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल जिला कार्यालय वेलणी में जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उत्तराखण्ड के लिये स्व विपिन चन्द्र त्रिपाठी के योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्व त्रिपाठी का जीवन सदैव जनता के लिये समर्पित रहा , वे आजीवन जन हितों के लिए संघर्ष करते रहे। 1975 की इमरजेंसी हो या पृथक उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन विपिन त्रिपाठी जेल की यातनाएं झेलने वालों में से एक थे। पहाड़ का चिंतन उनके अंदर कूट कूट कर भरा था। गैरसैण राजधानी सहित पहाड़ की मूलभूत समस्याओं के लिए वे जीवन पर्यन्त मुख्य रहे। उत्तराखण्ड की पहली निर्वाचित विधानसभा में उनके द्वारा उठाए गये पहाड़ के जन मुद्दों को हमेशा याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली, केन्द्रीय संगठन मंत्री कैप्टन बीरेंद्र सिंह, सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष भरत सिंह राणा, विक्रम सिंह फर्स्वाण, जिला महामंत्री शैलैन्द्र बुटोला, युवा जिलाध्यक्ष रवि राणा, दिनेश बर्तवाल, पंकज नेगी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।




