देहरादून, हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO), क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून द्वारा ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ के अंतर्गत आज एक विशेष व्याख्यान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के निर्धारित थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि (Probity for Prosperity)” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित नीरज पाण्डेय (एडवोकेट एवं प्रदेश संयोजक, भाजपा विधि प्रकोष्ठ, उत्तराखंड) ने अपने संबोधन में सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता ही किसी भी सफल व्यवस्था के मूल आधार हैं।
श्री पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक क्षति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह आम जनता के विश्वास, संस्थागत विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी गंभीर रूप से कमजोर करता है। उन्होंने कहा:
“सार्वजनिक धन जनता के विश्वास की अमानत है। इसका पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का सर्वोच्च नैतिक दायित्व है। भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए नियमों का निष्पक्ष पालन और व्यक्तिगत व संस्थागत स्तर पर नैतिक मूल्यों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक कार्यों में पूरी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा को प्राथमिकता दें, ताकि एक भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन और ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान HUDCO देहरादून के क्षेत्रीय प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय भार्गव ने मुख्य अतिथि वक्ता का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि HUDCO देश का एक प्रमुख सार्वजनिक वित्तीय संस्थान है, जिसकी कार्यसंस्कृति में नैतिकता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व का विशेष स्थान है।
श्री भार्गव ने अपने विचार रखते हुए कहा:-“सतर्कता जागरूकता सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह अपनी कार्यप्रणाली का आत्ममूल्यांकन करने और एक अधिक उत्तरदायी व पारदर्शी कार्यसंस्कृति को विकसित करने का सुनहरा अवसर है।”
कार्यक्रम के अंत में HUDCO के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बेहद उत्साह के साथ सक्रिय सहभागिता की तथा अपने कार्यक्षेत्र में पूर्ण सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ।





