Sunday, May 24, 2026
HomeTrending Nowउत्तराखंड बोर्ड परीक्षाफल 2026 घोषित, हाईस्कूल में 92.10% व इंटर में 85.11%...

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाफल 2026 घोषित, हाईस्कूल में 92.10% व इंटर में 85.11% परिणाम

रामनगर(गोविन्द पाटनी/। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने शनिवार को वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया। परिषद कार्यालय में शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में परीक्षाफल जारी किया गया। परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,08,983 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 1,00,373 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस प्रकार हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.03 जबकि छात्राओं का 96.07 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो एक बार फिर छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत (491/500) अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर उत्तरकाशी के इशांत कोठारी एवं नैनीताल की भूमिका रहे, जिन्होंने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बागेश्वर के योगेश जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,00,452 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 85,499 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट का कुल परीक्षा परिणाम 85.11 प्रतिशत रहा। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 तथा छात्राओं का 88.09 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इंटरमीडिएट परीक्षा में बागेश्वर की गीतिका पंत एवं काशीपुर की सुशीला मेहंदीरेट्टा ने 98 प्रतिशत (490/500) अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। देहरादून के आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हरिद्वार की वंशिका तृतीय स्थान पर रहीं।

परिषद के अनुसार इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। परीक्षाफल घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं ने परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देखा। सफल परीक्षार्थियों के घरों में खुशी का माहौल है, वहीं अभिभावकों और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments