विशेष मतदाता अभियान के तहत 8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा सत्यापन

0
63

रुद्रप्रयाग – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में पंजीकरण से छूटे तथा पहली बार एवं युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक बूथों एवं मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ, बीएलए-2 एवं बीएजी के माध्यम से पात्र मतदाताओं का सत्यापन एवं नामांकन संबंधी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर जाकर सत्यापन अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान निर्वाचन कार्मिक पात्र मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करने के साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री श्याम सिंह राणा, प्रधान सहायक बाल विकास श्री महेश्वर भट्ट, निर्वाचन से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री उदयवीर बर्थवाल, कनिष्ठ सहायक श्री संजय सिंह, जिला सचिव मंडल सदस्य सीपीआईएम श्री नरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस पार्टी नगर अध्यक्ष श्री सुरेंद्र लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here