देहरादून, राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत फव्वारा चौक के पास चार अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है, बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने दिन दहाड़े एक स्कूल संचालक के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक विनोद कुमार अग्रवाल के घर में बदमाश घुसे थे और करीब 15 मिनट के भीतर ज्वेलरी व कैश लेकर फरार हो गए बदमाशों के पास असलहा, धारदार हथियार भी बताए जा रहे हैं मौके पर पुलिस के बड़े अफसर पहुंच चुके हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने परिवार की महिलाओं को तमंचे और चाकू के बल पर बंधक बनाकर लूट की। बदमाश सोने के कई जेवर और करीब 12 हजार की नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 12 बजे नेहरू कॉलोनी सी ब्लॉक में वीके अग्रवाल के घर की है। अग्रवाल एमडीडीए से इंजीनियर पद से रिटायर हैं। उनका बेटा संदीप नेहरू कॉलोनी में ही सेंट एनी स्कूल चलाता है। आज दोपहर संदीप की पत्नी, बहन और मां घर में मौजूद थे।
करीब बारह बजे उनके घर में एक युवक घुसा। उसके पीछे तीन और बदमाश घुस गए। इनमें से एक के पास तमंचा और तीन के पास चाकू था। घर के नीचे हिस्से में वीके अग्रवाल की पत्नी और बेटी थीं। बदमाशों ने उन्हें डराते हुए जेवर और कीमती सामान मांगा। दोनों महिलाओं ने जेवर और नगदी दे दी। इसी बीच ऊपर कमरे में मौजूद संदीप की पत्नी ने शोर सुनकर अपने पति को फोन किया। यह सुनकर बदमाश वहां से भाग निकले। बताया जा रहा है कि बदमाश स्कूटी से आए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।




