रायपुर में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन संपन्न, ग्रामीण विकास योजनाओं पर हुआ मंथन

0
1632

देहरादून , त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधि संवाद एवं विकास संकल्प सेवा सेतु सम्मेलन 2026 अभियान के तहत मंगलवार को विकास खंड रायपुर सभागार में एक दिवसीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का गरिमामय आयोजन किया गया। पंचायत निदेशालय के तत्वावधान में ‘अभिव्यक्ति संस्था’ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर जन-कल्याणकारी योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन और पारदर्शी विकास की रूपरेखा तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई। आयोजित संवाद सत्र में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), विकास खंड स्तरीय योजना तथा जिला पंचायत स्तरीय योजनाओं के बेहतर निर्माण और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर गहन चर्चा हुई। वक्ताओं ने ग्रामीण ढांचागत विकास को मजबूत करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं के आपसी समन्वय पर जोर दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सम्मेलन में मुख्य रूप से:
सरोजिनी जवाडी (ब्लॉक प्रमुख) साक्षी थापा (कनिष्ठ प्रमुख) जितेन्द्र सेमवाल (बीजेपी नेता) अपर्णा बहुगुणा (खंड विकास अधिकारी / BDO) सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे और ग्रामीण विकास के संकल्प को दोहराया।
सम्मेलन का सफल एवं प्रभावी संचालन अभिव्यक्ति सोसाइटी की मुख्य कार्यकारी दामिनी ममगाईं तथा मदन मोहन डोवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया।