रुद्रप्रयाग (ऊखीमठ), राज्य बने दो दशक से अधिक समय बीत चुका, लेकिन पहाड़वासियों को आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा, 10 साल से सड़क राह जोट रहे रुद्रप्रयाग प्रयाग जनपद के मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों ने सरकार को आईना दिखा दिया और खुद श्रमदान कर सड़क बनाने में जुट गये, ग्राम पंचायत गैड़ के बष्टी तोक को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए ग्रामीणों का श्रमदान अभियान गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने तीन दिनों में करीब 300 मीटर मोटर मार्ग तैयार कर एकजुटता की मिसाल पेश की। अभियान में यूकेडी नेता आशुतोष भंडारी ने भी श्रमदान कर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।
बष्टी तोक के ग्रामीण पिछले दस वर्षों से सड़क सुविधा की मांग कर रहे हैं। मोटर मार्ग के अभाव में ग्रामीणों को कृषि उपज और अन्य उत्पाद बाजार तक पहुंचाने के साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की आवाजाही में भी परेशानी उठानी पड़ती है। लंबे समय से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने अब स्वयं श्रमदान कर मार्ग निर्माण की पहल शुरू की है।
तीन दिनों से ग्रामीण लगातार सामूहिक श्रमदान कर सड़क बनाने में जुटे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी इस पहल के बाद संबंधित विभाग भी आगे आएंगे और सड़क निर्माण को जरूरी सहयोग मिलेगा। इससे बष्टी तोक को यातायात से जोड़ने के साथ ही ग्रामीणों को आवागमन और कृषि उत्पादों के विपणन में राहत मिल सकेगी।
इस मौके पर ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह पंवार, पूर्व प्रधान राजेश्वरी देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य संगीता देवी, बलवीर सिंह राणा, फगण सिंह पंवार, विजय सिंह राणा, बिशाम्बरी देवी, दीपा देवी, जसमति देवी, सुशीला देवी, देवेश्वरी देवी, वंदना देवी, निशा देवी, शशि देवी, कुंवरी देवी, आशा देवी और जसोदा देवी सहित तीन दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे ।




