Thursday, June 4, 2026
HomeUncategorizedउपनल एवं अस्थायी कर्मचारियों के भरोसे चल रहा राज्य का आपदा प्रबन्धन...

उपनल एवं अस्थायी कर्मचारियों के भरोसे चल रहा राज्य का आपदा प्रबन्धन : हरक सिंह रावत

देहरादून, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रदेश सरकार नाकामी गिनाते हुये कहा कि राज्य के आपदा प्रबन्धन पूरी तरह से नाकारा साबित हुआ है। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य के आपदा प्रबन्धन को पूरी तरह नाकाम बताते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां राज्य गठन के समय ही अलग से आपदा प्रबन्धन मंत्रालय का गठन किया गया था, किन्तु राज्य में आपदाओं से निपटने के लिए अब तक कोई प्रभावी तंत्र विकसित नहीं हुआ है, जिसके कारण प्राकृतिक व मानवीय आपदाओं से निपटने के लिए कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह भी बडी विडंबन और आश्चर्य का विषय है कि राज्य का आपदा प्रबन्धन उपनल एवं अस्थायी कर्मचारियों के भरोसे छोड़ा गया है। डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि अभी हाल ही में उत्तरकाशी के धराली एवं पौडी जनपद के अनेक स्थानों पर भीषण दैवीय आपदा का दंश लोगों को झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबन्धन विभाग का कार्य स्वयं मुख्यमंत्री देख रहे हैं जिनके पास अन्य कई महत्वपूर्ण विभाग हैं तथा राज्य में प्रत्येक वर्ष आने वाली भीषण आपदाओं को दृष्टिगत रखते हुए आपदा प्रबन्धन विभाग एक महत्वपूर्ण विभाग है जिसका दायित्व किसी अन्य मंत्री को दिया जाना चाहिए था ताकि आपदा के समय इस जिम्मेदारी का सही से निर्वहन किया जा सके।
डॉ. हरक सिंह रावत ने राज्य सरकार के इस निर्णय पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा के कारण जिन लोगों के घर बह गये हैं उन्हें केवल 2500 रूपये देकर उनका मजाक उड़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को कम से कम इतनी राहत राशि दी जानी चाहिए कि वे अपनी आजीविका चला सकें। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कृषि भूमि तथा फसलों के बहने पर भी किसानों को समुचित मुआबजा दिया जाय तथा इसी प्रकार पशुधन की हानि होने पर दिये जाने वाले मुआबजे को बढ़ाया जाय।
डॉ. हरक सिंह रावत ने समाचार पत्रों में छपी सरकार आपदा में पहुंची गैरसैण खबर पर भी तंज कसते हुए कहा कि राज्य सरकार विधानसभा सत्र नहीं हिमालय के ऐवरेस्ट में चढ़ रही हो। उन्होंने कहा पूरा राज्य आपदा का दंश झेल रहा है तथा राज्य के लिए यह सैर सपाटे का समय नहीं है परन्तु राज्य सरकार के मंत्री हैलीकॉप्टर से गैरसैण पहुंच रहे हैं तथा अन्य विधायकगण सड़क मार्ग से अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। पत्रकार वार्ता में महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, सोशल मीडिया सलाहकार अमरजीत सिह, विरेन्द्र पोखरियाल, विनोद चौहान एवं एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments