Saturday, April 18, 2026
HomeTrending Nowकेदारनाथ पैदल मार्ग पर थारू ग्लेशियर टूटा, 100 मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त

केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारू ग्लेशियर टूटा, 100 मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त

रुद्रप्रयाग, चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। लिनचोली के पास अचानक थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ और मलबा मार्ग पर आ गया, जिससे करीब 100 मीटर पैदल रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है और मजदूरों की टीम लगातार बर्फ सफाई में लगी हुई है।
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के अनुसार सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पैदल मार्ग बाधित होने से केदारनाथ धाम में चल रहे द्वितीय चरण के पुनर्निर्माण कार्यों पर भी असर पड़ा है। मार्ग बंद होने के कारण घोड़े-खच्चरों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे निर्माण सामग्री और आवश्यक रसद की आपूर्ति रुक गई है।
चारधाम यात्रा से पहले इस तरह की प्राकृतिक घटनाओं ने जहां प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा ले ली है, वहीं यात्रा मार्ग को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखना अब सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गया है। वहीं, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा घायल होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में है। आपदा कंट्रोल रूम से स्थिति की लगातार लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है तथा मौके पर तैनात टीमों द्वारा मार्ग को शीघ्र सुचारु करने को लेकर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके लिए श्रमिकों एवं संबंधित कार्मिकों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात किया गया है, जो अवरुद्ध मार्ग को साफ करने में जुटे हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments