घनसाली (टिहरी गढ़वाल)। गंगा दशहरा एवं गंगा अवतरण दिवस के पावन अवसर पर पट्टी ग्यारहगांव हिन्दावो के बाबा विश्वनाथ मंदिर की दिव्य गंगा घाटी में श्रद्धा और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा के 27वें भव्य धार्मिक आयोजन के अवसर पर चंद्रमा प्रोडक्शन द्वारा “लक्ष्य अवार्ड 2026” का भव्य व सफल आयोजन किया गया। इस गौरवशाली समारोह में क्षेत्र के 11 विद्यालयों के 67 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक व सह-पाठ्यचर्या उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व शिक्षा मंत्री (उत्तराखण्ड सरकार) मंत्री प्रसाद नैथानी जी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। कक्षा 1 से 12 तक के अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्कूल बैग, वाटर बॉटल, लंच बॉक्स, कंप्यूटर, लैपटॉप, ट्रॉफी, मेडल, नकद पुरस्कार व शैक्षणिक सामग्री देकर प्रोत्साहित किया गया।
गीता प्रतियोगिता में 6 विद्यार्थियों सहित टीम गायन और नृत्य प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। मशहूर लोकगायिका रेखा रावत, जोत सिंह कृपाली, विजयालक्ष्मी रतूड़ी, वह्नि डांस ग्रुप (अंबिका उनियाल टीम) और टीम जय जय मां ऊफरांई के कलाकारों ने अपनी लोक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में बाबा विश्वनाथ समिति के 20 सम्मानित सदस्यों, 14 विशिष्ट अतिथियों सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सम्मानित किया गया, जिसमें विशेष रूप से खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री सुमेर सिंह कैंतुरा जी एवं श्री जोशी जी शामिल रहे। डॉ. आर. बी. सिंह, श्री कुंवर सिंह नेगी व श्रीमती लक्ष्मी नेगी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आयोजक एवं चंद्रमा प्रोडक्शन के संस्थापक बचन सिंह रावत ने बताया कि:
“यह आयोजन उनकी पूजनीय माता जी की पावन स्मृति में किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए यह सम्मान समारोह भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।”
उन्होंने सभी सहभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के अनुशासन व उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ भी अर्जित किया।
रा.प्रा.वि. ढुंग गांव, रा.प्रा.वि. करखेड़ी गांव, रा.प्रा.वि. चौरा गांव, सासा एकेडमी गोदाधार, रा.प्रा.वि. अखोड़ी गांव, रा.प्रा.वि. कोट गांव, श्री फते सिंह सरस्वती शिशु मंदिर ढुंग, इन्द्रमणि बडोनी दीप चाइल्ड अकादमी अखोड़ी, रा.जू.हा.स्कूल बिजयाल गांव, राजकीय इंटर कॉलेज अखोड़ी तथा राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अखोड़ी।



Recent Comments