देहरादून। मसूरी में सीलिंग की कार्रवाई को पहुंचे मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर पालिका परिषद मसूरी, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन को लोगों का विरोध झेलना पड़ा।नगर पालिका ने अवैध रूप से रह रहे लोगों को दो दिन के भीतर अपना सामान हटाने के निर्देश दिए। पूर्व में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने मैसानिक लॉज बस स्टैंड के नीचे बने आवासों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद कुछ लोगों द्वारा सील तोड़कर मकान में रहना शुरू कर दिया गया था। नगर पालिका परिषद मसूरी ने पूर्व में मैसोनिक लॉज बस स्टैंड का चौड़ीकरण किया गया था। इसके साथ ही वहां पर आवासीय भवन बनाए गए थे, जिसका वाद न्यायालय में विचाराधीन है। दूसरी ओर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर पालिका परिषद मसूरी, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन ने वहां रह रहे लगभग 80 परिवारों के घरों की सीलिंग के लिए पहुंचे, जिसका स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया गया।
इसके मद्देनजर नगर पालिका उक्त भवन के कमरों की सीलिंग की कार्रवाई के लिए पहुंची जिसका जमकर विरोध किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका और संबंधित विभागों से दो दिन का समय मांगा । जिस पर नगर पालिका ने अपनी सहमति देते हुए 2 दिन के भीतर सामान हटाने और मकान खाली करने के आदेश दिए गए हैं। एमडीडीए के अधिशासी अभियंता अजय मलिक का कहना है कि पूर्व में नगर पालिका परिषद ने बिना मानचित्र स्वीकृति के बस स्टैंड के नीचे आवासीय भवन बना दिए गए थे जिन्हें पूर्व में सील किया जा चुका है। लोगों द्वारा सील तोड़ते हुए मकान में कब्जा कर दिया गया है जिसकी सूचना नगर पालिका द्वारा मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण को दी गई है। इस पर कार्रवाई की गई। 2 दिन में पुनः सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि यह संपत्ति नगर पालिका की है। सन 2023 में यहां पर पार्किंग के लिए मानचित्र स्वीकृत किया गया था लेकिन यहां पर बिना स्वीकृति के आवासीय भवन बना दिए गए।
स्थानीय निवासी विमला देवी ने बताया कि जब यहां पर निर्माण कार्य हो रहा था, उस समय विभाग की टीम को इसे रोक देना चाहिए था। अब जब यह पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है तो विभागीय अधिकारी डंडा लेकर यहां पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर गरीब परिवार के लोग रहते हैं और किसी तरह अपना गुजर बसर कर अपने बच्चों की पढ़ाई करवा रहे हैं। इस प्रकार की कार्यवाही से यहां के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि यहां पर लगभग 80 परिवार निवास करते हैं और यदि उनसे कमरा खाली करवा दिया गया तो वह कहां जाएंगे।इस मौके पर अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन व पुलिस बल मौजूद रहा l


Recent Comments