Tuesday, April 21, 2026
HomeTrending Nowदून लाइब्रेरी में जर्मन भाषा कक्षा का सफल समापन

दून लाइब्रेरी में जर्मन भाषा कक्षा का सफल समापन

देहरादून, दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में बच्चों के लिए 30 जनवरी से आरंभ की गई जर्मन भाषा कक्षा का सफल समापन आज शुक्रवार को हुआ।
इस कार्यक्रम ने युवा शिक्षार्थियों को एक नई भाषा से रोचक और सहज तरीके से परिचित कराया, जिससे उनमें जिज्ञासा और आत्मविश्वास का विकास हुआ।
यह पुस्तकालय का दूसरा सफल प्रयास है, जिसके माध्यम से बच्चों को बुनियादी विदेशी भाषाओं से शैक्षिक और आनंददायक ढंग से परिचित कराया गया। यह पहल पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर सीखने के अवसरों का विस्तार करने के प्रति पुस्तकालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कक्षाओं का संचालन प्रभव शर्मा द्वारा किया गया, जो जवाहर लाल नेहरू वि.वि. से संबद्ध हैं। संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जर्मन भाषा में बुनियादी अभिवादन, संख्याएँ, समय की अवधारणा, रंग तथा सरल वार्तालाप सिखाए गए।
इस प्रारंभिक पाठ्यक्रम के सफल समापन पर बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जो उनके लिए विदेशी भाषा सीखने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।
यह पहल दून पुस्तकालय के अध्यक्ष प्रो. बी. के.जोशी की उस दृष्टि के अनुरूप है, जिसमें बच्चों की लाइब्रेरी को केवल पुस्तकों के निर्गमन और आदान-प्रदान तक सीमित न रखकर एक जीवंत और प्रेरणादायक स्थान के रूप में विकसित करने का उद्देश्य है, जहाँ बच्चे सीख सकें, खोज कर सकें और नई-नई चीजों में आनंद प्राप्त कर सकें।
जर्मन भाषा कक्षा का सफल समापन इस दृष्टि का प्रमाण है, जो पुस्तकालय को बच्चों के लिए एक गतिशील और समृद्ध शिक्षण वातावरण के रूप में स्थापित करता है। प्रो. जोशी ने जर्मन भाषा के कोर्स में प्रतिभागी छात्र / छात्राओं को प्रमाण पत्र भी दिये ।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद पुस्तमालय अध्यक्ष प्रो. डी. के. पाण्डे ने दिया. इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी, बाल अनुभाग की समन्वयक मेघा, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर सिंह बिष्ट सहित बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments