Monday, June 22, 2026
HomeTrending Nowमोहनधार में आंधी-तूफान का कहर, मकान की छत उड़ी

मोहनधार में आंधी-तूफान का कहर, मकान की छत उड़ी

पोखरी ब्लॉक के उडामांडा क्षेत्र में वीरवार शाम हुई घटना, पीड़ित परिवार ने सरकार से मांगी आर्थिक सहायता

पोखरी। (संदीप जोशी): जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी के अंतर्गत ग्राम मोहनधार, उडामांडा में वीरवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। तूफान इतना तेज था कि गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद खाली के मकान की छत पूरी तरह उड़ गई, जिससे परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार वीरवार 28 मई 2026 को शाम करीब 6:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। देखते ही देखते तेज हवाओं ने राजेंद्र प्रसाद खाली के मकान की छत को उखाड़ दिया। घटना के दौरान परिवार के कुछ सदस्य घर के भीतर मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

मकान की छत उड़ने से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घर के भीतर रखा सामान भी बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रभावित हुआ है। घटना के बाद परिवार दहशत और परेशानी में है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में मौसम लगातार बदल रहा है और तेज हवाओं व आंधी-तूफान की घटनाएं बढ़ रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं से लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ता है।

पीड़ित राजेंद्र प्रसाद ने प्रशासन और राज्य सरकार से आर्थिक सहायता व उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments