विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच: गणेश जोशी

0
8

देहरादून, । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून झाझरा स्थित यूकास्ट परिसर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) द्वारा आयोजित ‘द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026’ का शुभारंभ किया। प्रदेश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 13 जनपदों से चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी टीमों के साथ उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय स्तर से शुरू होकर ब्लॉक और जनपद स्तर तक किया गया। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस दौरान विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शोध और समस्या समाधान से संबंधित सात विभिन्न राउंड आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विद्यार्थी देश के वैज्ञानिक भविष्य की मजबूत नींव हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने, समस्याओं के समाधान खोजने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।

कैबिनेट मंत्री जोशी ने यू-कॉस्ट को इस आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है। यू-कॉस्ट इस दिशा में निरंतर सराहनीय प्रयास कर रहा है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए साइंस सिटी का कार्य भी किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान को करीब से समझने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के अवसर मिलेंगे। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर यू-कॉस्ट महानिदेशक डॉ.दुर्गेश पंत एवं अन्य गणमान्य लोग सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here