Monday, August 3, 2026
HomeTrending Nowरिखणीखाल विकास समिति शुरू करेगी सदस्यता अभियान

रिखणीखाल विकास समिति शुरू करेगी सदस्यता अभियान

-आर्थिक सहायता से लेकर मिनी स्टेडियम निर्माण हेतु बनी कार्ययोजना
-पत्रिका प्रकाशन हेतु तीन सदस्यीय उप समिति का गठन

देहरादून, सामाजिक सरोकार और क्षेत्रीय विकास को लेकर गठित रिखणीखाल विकास समिति की रविवार को कार्यकारिणी बैठक में कई गहन मु्द्दों पर विचार विमर्श किया गया, टर्नल रोड़ के वेलमेड हॉस्पिटल में अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी की अध्यक्षता और महासचिव जयपाल सिंह रावत के संचालन में आयोजित इस बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं गणमान्य सदस्यों ने भाग लेकर संगठन के विस्तार और विकासखंड रिखणीखाल के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कोषाध्यक्ष कैप्टन दिनेश गुसाईं ने समिति की वित्तीय स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि समिति के खाते में वर्तमान में ₹5.10 लाख की राशि उपलब्ध है। साथ ही ग्राम कुमाल्डी में मई 2026 में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों के सम्मान एवं जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन पर हुए लगभग ₹13 हजार के व्यय का विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
समिति ने निर्णय लिया कि आगामी वॉलीबॉल प्रतियोगिता केवल विकासखंड रिखणीखाल के मूल निवासियों के लिए आयोजित की जाएगी। यह स्पष्ट किया जाएगा कि यह प्रतियोगिता नहीं, बल्कि रिखणीखाल क्षेत्र के लोगों के बीच भाईचारे और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने वाला आयोजन होगा।
बैठक में समिति के आय-व्यय का नियमित ऑडिट कराने के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) से संपर्क करने पर सहमति बनी। बैठक में ग्राम खल के आर्थिक रूप से कमजोर संदीप सिंह के उपचार हेतु समिति की ओर से ₹10 हजार की आर्थिक सहायता देने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। वेलमेड हॉस्पिटल के वाइस प्रेसिडेंट प्रकाश रावत ने सुझाव दिया कि समिति को आपदा अथवा अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर जनसेवा से जुड़े कार्य करने चाहिए तथा इन गतिविधियों का व्यवस्थित अभिलेखन भी किया जाना चाहिए, जिससे समिति की पहचान और सामाजिक स्वीकार्यता मजबूत हो सके। समिति ने अपनी सभी गतिविधियों जैसे वार्षिकोत्सव, वॉलीबॉल आयोजन एवं विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यक्रमों का फोटो सहित दस्तावेजीकरण करने और इसके लिए एक ब्रोशर/पत्रिका प्रकाशित करने का निर्णय लिया। इस कार्य के लिए तीन सदस्यीय उपसमिति का भी गठन किया गया।
सदस्यता अभियान को विस्तार देते हुए निर्णय लिया गया कि ऋषिकेश, भानियावाला, प्रेमनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले रिखणीखाल मूल के लोगों को सदस्य बनाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन सदस्यता के लिए गूगल फॉर्म भी तैयार कर साझा किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि वार्षिकोत्सव की प्रतीक्षा किए बिना बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों का समय-समय पर सम्मान किया जाएगा। साथ ही विकासखंड के किसी भी गांव में समिति के कार्यक्रम आयोजित होने पर स्थानीय स्तर पर आवास एवं भोजन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए समिति आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराएगी।
मिनी स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए ग्राम समाज की भूमि उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पटवारी से संपर्क करने तथा ग्रामसभा कुमाल्डी एवं धामदार को प्रस्ताव भेजने के साथ ही जनपद पौड़ी के खेल विभाग को समिति के लेटरहेड पर अनुरोध पत्र प्रेषित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विकासखंड रिखणीखाल की सड़क, विद्युत, पेयजल एवं अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की गई। अंत में अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी ने बैठक के सफल आयोजन एवं कॉन्फ्रेंस हॉल, जलपान सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए वेलमेड हॉस्पिटल के वाइस प्रेसिडेंट प्रकाश रावत का विशेष आभार व्यक्त किया तथा सभी उपस्थित सदस्यों को धन्यवाद देते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments