Friday, May 3, 2024
HomeStatesUttarakhandगुलाबराय मैदान में पार्किंग निर्माण हेतु राजस्व एवं लोनिवि ने किया संयुक्त...

गुलाबराय मैदान में पार्किंग निर्माण हेतु राजस्व एवं लोनिवि ने किया संयुक्त निरीक्षण

रुद्रप्रयाग, जनपद में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए चिन्हित किए गए पार्किंग स्थलों पर निर्माण कार्य किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर पार्किंग स्थलों के संबंध में की गई कार्यवाही के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि प्रथम चरण में तीन मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं जिनमें नगर पालिका रुद्रप्रयाग के समीप, बदरीनाथ मार्ग एनएच 58 पेट्रोल पंप के समीप पार्किंग निर्माण के लिए डीपीआर 5 करोड़ रुपए से अधिक होने के कारण टीएसी हेतु नियोजन विभाग को प्रेषित किया गया है तथा चोपता बाजार के समीप पार्किंग निर्माण के लिए डीपीआर और टीएसी के उपरांत शासन को प्रेषित किया गया है।

उन्होंने अवगत कराया कि गुप्तकाशी में पार्किंग निर्माण हेतु डीपीआर प्राप्त हो गई जिसमें भूमि लोनिवि के होने के कारण राजस्व एवं लोनिवि के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर भूमि स्थानांतरण की कार्यवाही गतिमान है। ब्यूंगगाड़ एवं फाटा में पार्किंग निर्माण के लिए मुख्य वन संरक्षक आईटी सेल देहरादून को डिजिटल मैप उपलब्ध कराए जाने हेतु पत्र प्रेषित किया गया है तथा वन भूमि स्थानातंरण की कार्यवाही गतिमान है तथा गुलाबराय मैदान में पार्किंग निर्माण हेतु राजस्व एवं लोनिवि द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया है तथा वन भूमि स्थानांतरण की कार्यवाही गतिमान है।
जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थल के निर्माण हेतु वन भूमि स्थानांतरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तत्परता से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शासन स्तर, नियोजन विभाग एवं मुख्य वन संरक्षक आईटी सेल देहरादून को प्रेषित किए गए प्रस्तावों पर समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, सहायक अभियंता लोनिवि अजय थपलियाल आदि मौजूद रहे।

 

देहरादून में हुआ देश की पहली ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस का आयोजन, ग्रामीण विकास को इससे मिलेंगे नये आयाम : मुख्यमंत्री

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संपूर्ण विश्व विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अविष्कारों और अनुसंधानों के इस युग में वैज्ञानिक एवं तकनीकि विकास की चेतना ने सभी के जीवन को प्रभावित किया है। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेई जी ने जय जवान, जय किसान के नारे के साथ जय विज्ञान जोड़ा वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसमें जय अनुसंधान को जोड़कर एक नया आयाम दिया।

यूकॉस्ट, परिसर, विज्ञान धाम, झाझरा में तीन दिवसीय 17वीं उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कांग्रेस -2023 के अन्तर्गत ‘प्रथम ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस’ का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस का यह देश का पहला आयोजन हो रहा है। एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को सार्थक करने और राज्य के समेकित विकास को गति प्रदान करने में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हाइड्रोपोनिक यूनिट, क्यू आर कोड आधारित जैव विविधता पार्क एवं प्राईड ऑफ उत्तराखण्ड एक्सपो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस, उत्तराखण्ड ग्राम्य विकास यात्रा एवं विज्ञान पर चर्चा पुस्तकों का विमोचन भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वैज्ञानिकों को विज्ञान पुरोधा सम्मान एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण राज्य है। प्राकृतिक संसाधनों के उचित प्रयोग से राज्य में जैविक कृषि को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से ही किसी राज्य और देश के विकास का प्रारूप तैयार होता है। इस विज्ञान कांग्रेस का लक्ष्य हमारे गांवो का समुचित विकास करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सभी के लिये गौरव का विषय है कि नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस में यूकास्ट उत्तराखण्ड को बेस्ट पैवेलियन का अवार्ड मिला। उन्होंने कहा कि 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह आयोजन इस संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस ग्राम्य विकास की दिशा में एक अनूठा प्रयोग है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण संस्कृति, कृषि, ग्रामीण पर्यटन और व्यंजन जैसे विभिन्न विषयों पर संवाद स्थापित किये जायेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस 2025 तक सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए रौडमैप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्राम्य विकास एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। पिछले दो सालों में राज्य में जैविक खेती के क्षेत्र में काफी कार्य हुए है। राज्य में 34 प्रतिशत जैविक उत्पादन हुआ है, जिसे 2025 तक 60 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि के साथ ही हॉर्टीकल्चर के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भी राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। एप्पल एवं कीवी मिशन को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के लिए भी राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से मिलेट को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दुगुनी करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।

 

पद्मभूषण, पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि प्रथम ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस में विज्ञान और कृषि से जुड़े लोग एक मंच पर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए जो यह विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जा रहा है, इसके आने वाले समय में काफी सार्थक परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इकोनॉमी के साथ इकोलॉजी का समन्वय बहुत जरूरी है। हमें ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाना होगा। यह पलायन को रोकने में भी काफी कारगर होगा। लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना होगा।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक यूकास्ट प्रो. दुर्गेश पंत, वैज्ञानिक डॉ. डी.के. असवाल, आयोजक सचिव डॉ. अपर्णा शर्मा, विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं विभिन्न राज्यों से आये वैज्ञानिक उपस्थित थे।

 

भाजपा की दो दिवसीय महानगर जिला कार्यसमिति की बैठक : पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक और मंत्री गणेश जोशी ने किया शुभारंभ

देहरादून, शनिवार को दून के सहस्त्रधारा रोड़ स्थित एक निजी होटल में आयोजित दो दिवसीय भारतीय जनता पार्टी महानगर की जिला कार्यसमिति की बैठक का पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के साथ मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती प्रदर्शनी का शुभारंभ कर प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर मंत्री जोशी ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आवाह्नन किया। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज अगर देश की नंबर एक पार्टी बनी है तो इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम से है। मंत्री जोशी ने कहा यही वजह है कि आज भारतीय जनता पार्टी में 18 करोड़ से अधिक सदस्य है और दिन प्रतिदिन पार्टी की संख्या में इजाफा होते जा रहा है।
मंत्री जोशी ने कहा कि समिति की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ ही संगठन और सरकार के बीच सामंजस्य बिठाना और केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियां और जन कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है। मंत्री जोशी ने भरोसा जताते हुए कहा कि आगामी चुनावों चाहे निकाय चुनाव हो या लोकसभा चुनाव इन्ही कार्यकर्ताओं के दम पर विजयी होगी।
इस अवसर पर पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक उमेश शर्मा काऊ, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री सुरेन्द्र राणा, वीजेंद्र थपलियाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments