लंबी और अघोषित बिजली कटौती से क्षेत्रवासी बेहाल

0
115

देहरादून। नेशविल्ला रोड, ओंकार रोड एवं डोभालवाला क्षेत्र में पिछले दिनों बिजली विभाग द्वारा की गई लंबी और अघोषित बिजली कटौती ने क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। बिजली सुधार एवं तकनीकी कार्यों के नाम पर जिस प्रकार बिना पूर्व सूचना के विद्युत आपूर्ति बाधित की जा रही है, उससे आम जनता में भारी नाराजगी है। सोमवार सुबह लगभग 9 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली बंद कर दी गई। इसके बाद दोपहर लगभग 2 बजे एसएमएस के माध्यम से सूचना दी गई कि तकनीकी कारणों से क्षेत्र में तीन घंटे के लिए बिजली बंद रहेगी। लेकिन बिजली निर्धारित समय पर बहाल होने के बजाय लगभग रात 9 बजे आई। इतना ही नहीं, अगले दिन सुबह लगभग 5 बजे पुनः बिजली चली गई, जबकि इसकी कोई पूर्व सूचना क्षेत्रवासियों को नहीं दी गई।

 

लगातार कई घंटों तक बिजली न रहने का सीधा असर पानी की आपूर्ति पर पड़ा। बिजली के अभाव में कल शाम और आज सुबह क्षेत्र में पानी की व्यवस्था प्रभावित रही। इससे परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह चिंता व्यक्त की सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन मेंहदीरत्ता ने, उसका मानना है कि क्षेत्र में ऐसे अनेक लोग हैं जिनका रोजगार सीधे बिजली पर निर्भर है। बिजली बंद रहने के कारण उनका कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घरों में लगे इन्वर्टर भी लगातार बिजली बंद रहने के कारण रात तक जवाब दे गए, जिससे लोगों को अंधेरे और असुविधा का सामना करना पड़ा।

बिजली विभाग यदि किसी तकनीकी कार्य अथवा मरम्मत के कारण विद्युत आपूर्ति बंद करता है तो जनता को समय रहते स्पष्ट और सही सूचना देना उसकी जिम्मेदारी है। अचानक बिजली बंद करना और कई घंटे बाद एसएमएस के माध्यम से सूचना देना किसी भी दृष्टि से उचित व्यवस्था नहीं कही जा सकती।

सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन मेंहदीरत्ता ने कहा कि क्षेत्र की जनता को इतनी गंभीर परेशानी होने के बावजूद हमारे जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई प्रभावी हस्तक्षेप अथवा स्पष्ट प्रतिक्रिया दिखाई नहीं दी। जनता ने अपने प्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उनका समाधान कराने के लिए चुना है। ऐसे समय में उनकी चुप्पी भी क्षेत्रवासियों के बीच निराशा पैदा करती है।

बिजली व्यवस्था में सुधार आवश्यक है और जनता भी विभाग के तकनीकी कार्यों में सहयोग करने को तैयार है, लेकिन सुधार के नाम पर जनता को लगातार घंटों तक बिना सूचना के परेशान करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। मेंहदीरत्ता का कहना है कि विभाग को चाहिए कि विद्युत कटौती की स्थिति में कम से कम एक दिन पहले सूचना, अनुमानित कटौती का समय और बिजली बहाल होने की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करे।

जनता बिजली विभाग से बेहतर व्यवस्था, समय पर सूचना और जवाबदेही की अपेक्षा रखती है। संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे भविष्य में नेशविल्ला रोड, ओंकार रोड, डोभालवाला एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।