देहरादून, सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। हरिद्वार में आयोजित इस पहली कैबिनेट बैठक में विकास, रोजगार, आवास, प्रशासनिक सुधार और जनकल्याण से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनता से जुड़े निर्णय जनता के बीच जाकर लिए जाएं। इसी उद्देश्य से हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी। यहां भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और प्राचीन ज्ञान परंपराओं से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
अग्निवीरों और बच्चों के लिए अहम फैसले:
बैठक में सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती संबंधी नई नियमावली को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों को जारी रखने और हरिद्वार की किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में शिथिलता देने का निर्णय भी लिया गया।
कैबिनेट ने लिए ये 13 फैसले :
-उत्तराखंड के विकास में निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री एवं भारत सरकार का आभार।
-मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन ।
-उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास से संबंधित अधिनियम की अनुसूची में संशोधन को मंजूरी।
-द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी।
-उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 को मंजूरी ।
-उत्तराखण्ड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी।
-उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी।
-सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती संबंधी नई नियमावली को मंजूरी ।
-संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन को मंजूरी ।
-स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को मंजूरी।
-हरिद्वार में किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में शिथिलता को मंजूरी ।
-उधम सिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधार को मंजूरी ।
-मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी ।
कैबिनेट बैठक के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर सीएम धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती कर देश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। हरिद्वार में हुई इस बैठक में लिए गए फैसलों के बाद संबंधित विभागों को मंजूर प्रस्तावों के क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ना होगा। सरकार का जोर विकास योजनाओं को गति देने और जनहित से जुड़े निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर है।




