रुद्रप्रयाग (देवेन्द्र चमोली)- खबर जखोली विकास खण्ड के पौठी गांव से है, जहां आज सुबह हिऊना नामक तोक के ऊपर बादल फटने जैसी घटना से भारी तबाही हुई है। लोगों के घरों व आंगन में भारी मलबा घुस गया व आवासीय भवनों को भारी नुक़सान हुआ है। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची व स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव का कार्य किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह का समय होने के कारण बड़ी आपदा टल गयी।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 9 बजे सिंलगढ़ पट्टी के पौठी गांव के हिऊना तोक में बादल फटने से अफरातफरी मच गयी देखते ही देखते मलबा लोगों के घरों व आंगन में घुस गया। गांव के ऊपर से आया भारी मलबा भवनों के आंगन में भर गया। लगभग 10 परिवार इस घटना से प्रभावित बतायें जा रहे हैं।
भारी मलबे की जद में आकर ग्रामीण गोपाल प्रसाद थपलियाल की रसोई छतिग्रस्त गई जबकि कई मकान खतरे की जद में आ गये। जिला प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवारों की सुरक्षा के साथ साथ हर संभव मदद की जा रही है।


Recent Comments