पुलिस ने 10-10 हजार के इनामी ठग पकड़े

0
364

ऋषिकेश। रायवाला क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले दो फरार शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर क्लेमनटाउन स्थित आशारोड़ी चेकपोस्ट से गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष कुलदीप पंत के मुताबिक आरोपियों ने क्षेत्र में 19 अगस्त 2022 में एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर रकम की ठगी की थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी। गुरुवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी देहरादून में है और वह छुटमलपुर जाने की फिराक में है। तत्काल पुलिस टीम धरपकड़ को क्लेमनटाउन पहुंची। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार दो लोगों पर शक हुआ। जिनकी पहचान जगमोहन पुत्र अजमेर सिंह, निवासी न्यू सरस्वती विहार कॉलोनी, आईटीसी रोड, सदर बाजार, सहारनपुर यूपी और अश्वनी उर्फ काका पुत्र श्यामलाल निवासी सदर बाजार, सहारनपुर यूपी व हाल निवासी ढंडेरा, सिविल लाइन रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने रायवाला में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करना कबूल किया। आरोपियों पर एसएसपी ने 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। बताया कि आरोपियों पर मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइन थाने में भी आपराधिक मामला दर्ज है।