Wednesday, July 29, 2026
HomeStatesUttarakhandपीएनबी ग्राहकों से लाखों की साइबर ठगी, तीन केस दर्ज

पीएनबी ग्राहकों से लाखों की साइबर ठगी, तीन केस दर्ज

देहरादून। साइबर जालसाजों ने पंजाब नेशनल बैंक के तीन अलग-अलग ग्राहकों को अपना निशाना बनाते हुए 4.47 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। ठगों ने कहीं इंटरनेट बैंकिंग शुरू करने तो कहीं पेंशन कार्ड बनाने का झांसा दे लोगों की कमाई खातों से उड़ा ली। तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंटरनेट बैंकिंग के नाम पर 80 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी
आनंद डीलक्स अपार्टमेंट, अजबपुर खुर्द निवासी 80 वर्षीय ईशमोहन नैथानी साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। 30 जून को उनके मोबाइल पर पीएनबी का लोगो लगा एक मैसेज आया। जिसमें घर बैठे इंटरनेट बैंकिंग शुरू करने की बात कही गई थी। लिंक खोलने के प्रयास के दौरान उन्हें एक फर्जी बैंक अधिकारी का फोन आया जिसने एक ऑनलाइन फॉर्म भरवाया। इसके बाद उनके खाते से 1.72 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की दौड़वाला निवासी हेमलता भट्ट ने अपनी शिकायत में बताया कि मनोहर लाल नाम के व्यक्ति ने उनके पीएनबी खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। ठग ने इस धोखाधड़ी के लिए एक मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी का इस्तेमाल किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
तीसरी घटना बसंत विहार के विजय पार्क एक्सटेंशन निवासी कांतीराम जोशी ने साथ हुई। तीन जुलाई को उनके पास एक फोन आया। जिसमें कॉलर ने खुद को पीएनबी हेडक्वार्टर दिल्ली से किशोर मलिक बताया। उसने पीएनबी रिटायर पेंशन कार्ड जारी करने के बहाने बैंक खाते की जानकारी मांगीं। जानकारी देते ही उनके खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1.75 लाख हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। मामले में बसंत विहार थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments