Wednesday, April 24, 2024
HomeTrending Nowदेवभूमि उत्तराखंड से पीएम मोदी ने देश को दिये 35 ऑक्सीजन प्लांट...

देवभूमि उत्तराखंड से पीएम मोदी ने देश को दिये 35 ऑक्सीजन प्लांट का उपहार

उत्तराखंड की भूमि मेरे कर्म और मर्म की भूमि है, यहां से मेरा नाता सत्व का भी है और तत्व का भी है : पीएम मोदी

ॠषिकेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एम्स से वर्चुअली देशभर के 27 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों में स्थापित करीब 35 ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण कर प्राणवायु का उपहार भी दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऋषिकेश एम्स में गुरुवार को ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण के अवसर पर कहा उत्तराखंड ने अनेक लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उत्तराखंड की भूमि मेरे कर्म और मर्म की भूमि है। यहां से मेरा नाता सत्व का भी है और तत्व का भी है। उन्होंने कहा कि बीस साल पहले मुझे आज के ही दिन गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिली थी और आज के दिन उत्तराखंड आना मेरा सौभाग्य है। यहां आकर नई ऊर्जा मिलती है। जहां योग और आयुर्वेद की शक्ति से जीवन को आरोग्य बनाने का समाधान हुआ है वहीं से देश भर के ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा मैं देवभूमि उत्तराखंड से देश को 35 ऑक्सीजन प्लांट का उपहार देने में गौरान्वित महसूस हो रहा है। इस अवसर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारे पास तीन हजार विश्वस्तरीय जांच लैब हैं। कभी मास्क और दवाओं के आयात के लिए हम दूसरे देशों पर निर्भर थे। आज भारत मास्क और दवाएं निर्यात कर रहा है। दूरस्थ गांवों में भी वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की सुविधा पहुंची है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक लाख से अधिक ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर के लिए प्रधानमंत्री कोष से रुपए दिए गए। अब देश को करीब चार हजार नए ऑक्सीजन प्लांट मिलने जा रहे हैं | देश के अस्पताल पहले से ज्यादा सक्षम हो रहे हैं। यह गर्व की बात है कि कोरोना वैक्सीन की 93 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं और जल्द ही हम 100 करोड़ का लक्ष्य हासिल कर लेंगे।
ऑक्सीजन के निर्माण के साथ उसका ट्रांसपोर्टेशन भी मुश्किल होता है। पूर्वी भारत में सबसे अधिक ऑक्सीजन निर्माण होता है। लेकिन दूसरी लहर के दौरान उत्तर और पश्चिम भारत में ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत थी। आज देश के हर जिले के पास अपना पीएसए ऑक्सीजन प्लांट है। आने वाले समय में राज्य सरकार और केंद्र के प्रयासों से भारत में पीएम केयर्स के तहत चार हजार नए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित होंगे।

एम्स में देश पहली नवरात्र पर आक्सीजन प्लांटों का तोहफा देते हुये प्रधानमंत्री मोदी ने कहा आज हमारा देश और यहां के अस्पताल अब काफी सक्षम हो गए हैं, भारत ने कोविन प्लेटफॉर्म बनाकर पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है कि इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कैसे होता है।
भारत में पहले छह एम्स थे। आज देश में 22 एम्स हैं। केन्द्र सरकार का लक्ष्य है कि देश के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाए। उत्तराखंड में भी पिथौरागढ़, हरिद्वार, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पीठ थपथपाते हुए दिखे। वहीं उन्हाेंने एम्स ऋषिकेश में बने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण भी किया,
अपने संबोधन में उन्होंने सेना और देश की सुरक्षा में उत्तराखंड के योगदान को भी सराहा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में उत्तराखंड की विशेष भूमिका है |

पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में बढ़ रहा आगे

प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अपने प्रशासनिक जीवन की 21 वर्ष की यात्रा में हर रोज नए कीर्तिमान हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति सबसे अधिक लगाव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तराखंड हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट (सेनि) जनरल गुरमीत सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत मंच पर मौजूद रहे | कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, काबीना मंत्री यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, रेखा आर्य, यतीश्वरानंद, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, नरेश बंसल, देहरादून महापौर सुनील उनियाल गामा, ऋषिकेश महापौर अनीता ममगाईं, एम्स के निदेशक प्रोफेसर अरविंद राजवंशी, डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments