देहरादून, महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डॉ. विनीता शाह द्वारा आज अवगत कराया गया है कि उत्तराखण्ड़ चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड द्वारा जारी स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला के रिक्त 824 पदों की भर्ती को लेकर कुछ लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है इसलिए विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया जाता है कि कुल 824 पदों में से केवल 8 पदों पर ही तकनीकि दिक्कत के कारण चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों को अग्रिम आदेशों तक स्थगित किया गया है।
महानिदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि उत्तराखण्ड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की ओर से स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला के रिक्त 824 पदों की भर्ती को लेकर दिनांक 15.03.2022 के सापेक्ष चयन परिणाम घोषित किया गया एवं चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड द्वारा अवगत कराया गया है कि इस परीक्षा परिणाम का पुनः अवलोकन करने के बाद यह तथ्य संज्ञान में आया है कि कुल आठ पदों पर त्रुटि हुई है जिस कारण इन 8 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों को अग्रिम आदेशों तक स्थगित रखा गया है जिस कारण इन अभ्यर्थियों में से एक पद अल्मोडा एक पद हरिद्वार तथा जनपद पौडी, उत्तरकाषी एवं पिथौरागढ के दो-दो पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों को अग्रिम आदेषों तक स्थगित किया गया है। वहीं बाकी राज्य में स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला के शेष 816 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा गया है।
तकनीकि दिक्कत के कारण केवल 8 पदों पर ही चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों को अग्रिम आदेशों तक किया गया स्थगित : डा. विनीता शाह
जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र से जो लोग विस्थापित होंगे, उनको स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी विस्तृत योजना बनाई जाए : मुख्यमंत्री
देहरादून, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में जोशीमठ में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि भूधंसाव से प्रभावित क्षेत्र के जिन परिवारों को अन्यत्र सिफ्ट किया गया है, शीतलहर के दृष्टिगत उन सभी परिवारों को हीटर एवं अलाव की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन को निर्देश दिये कि जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पुनर्वास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कितनी धनराशि की आवश्यकता होगी, इसका गहनता से आंकलन किया जाए। जिलाधिकारी चमोली से लगातार समन्वय रखकर एवं स्थानीय लोगों के सुझावों के आधार पर सभी बिन्दुओं को ध्यान में रखकर आंकलन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र से जो लोग विस्थापित होंगे, उनको स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी विस्तृत योजना बनाई जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि जो लोग विस्थापित होंगे, उनकी आजीविका प्रभावित न हो। इसके लिए अभी से योजना बनाकर आगे कार्य करें। जिन स्थानों पर प्रभावितों को विस्थापित किया जायेगा, उनको सरकार द्वारा हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं भी निकट हैं, प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई एवं परीक्षा देने में किसी भी प्रकार से परेशानी न हो, इसके लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, सचिव श्री आर.मीनाक्षी सुंदरम, श्री शैलेश बगोली, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा एवं श्री एस.एन. पाण्डेय उपस्थित थे।
अवैध रूप से लकड़ी का चिरान करने पर आरा मशीन सील
प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला की मदद के लिए आगे आए किन्नर, चलती ट्रेन में कराई डिलीवरी
नई दिल्ली, ट्रेन में महिला को प्रसव पीड़ा हो रही थी लेकिन किसी महिला यात्री ने नहीं की बल्कि किन्नरों के एक ग्रुप ने डिलीवरी कराई। विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ट्रेन की बॉगी में किन्नरों की संख्या होने पर दूसरे यात्री उन्हें भगाने लगते हैं। लेकिन इन किन्नरों ने इस बार दरियादिली मिसाल कायम की है। बिहार के जमुई जि़ले के किन्नरों की दरियादिली का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। किन्नरों की ममता देखने के बाद लोग उनके पहल की काफी सराहना कर रहे हैं।
दरअसल बिहार के जमुई जिले के झाझा-जसीडीह रेल खंड में ट्रेन यात्रा के दौरान एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। जानकारी के अनुसार हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस डी 5 कोच में शेखपुरा जिले की रहने वाली महिला यात्री सफर कर रही थी। लखीसराय जाने के दौरान ट्रेन जैसे ही जसीडीह रेलवे स्टेशन से खुली तो महिला को दर्द होने लगा।
आसपास के लोग अभी कुछ समझ नहीं पा रहे थे कि क्या किया जा सकता है। ट्रेन में कई महिला सहयात्री भी मौजूद थीं लेकिन उन्हें भी कुछ नहीं सूझ रहा था। वो कुछ करतीं इससे पहले ही किन्नरों ने पहल करते हुए ट्रेन में ही महिला की डिलीवरी करवा दी। जैसे ही उन किन्नरों ने महिला को दर्द में देखा, वे बिना वक्त गंवाए उसे बाथरूम लेकर गई और वहां सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया है। इसके बाद सभी किन्नरों ने नवजात बेटे को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया। महिला के बेटे को जन्म देने पर किन्नरों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इतना ही नहीं किन्नरों ने कहा महिला और बच्चे को डॉक्टर से दिखा लें। अगर आप लोगों के पास पैसे नहीं हैं तो हम लोगों से ले लीजिए। इसके बद सभी किन्नर झाझा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतर गए। ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने किन्नरों की दरियादिली का यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे वायरल कर दिया |
दुनिया की सबसे बूढ़ी महिला का हुआ निधन, 118 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
पैरिस, दुनिया की सबसे बूढ़ी महिला की पहचान बना चुकी फ्रेंच नन लुसिल रैंडन का 118 साल की उम्र में निधन हो गया है। रैंनड को सिस्टर आंद्रे के नाम से जाना जाता था। 11 फरवरी 1904 को दक्षिणी फ्रांस में उनका जन्म हुआ था। टॉलोन शहर के एक नर्सिंग होम में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके एक करीबी ने कहा कि वह अपने प्यारे भाई के पास जाना चाहती थीं। नर्सिंग होम में भी वह सुबह प्रार्थना जरूर करती थीं।
बता दें कि अब तक की सबसे बूढ़ी महिला जीन लुइस को माना जाता है जिनकी 1997 में मौत हो गई थी। उन्हें आधिकारिक तौर पर दुनिया में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली महिला का खिताब दिया गया था। वह भी फ्रांस की ही रहने वाली थीं। हालांकि रूस के शोधकर्ताओं ने दावा किया था कि जीन कैल्मेंट का दावा फर्जी हो सकता है। बताया जाता है कि कैल्मेंट की जब मौत हुई थी तब वह 122 साल 164 दिन की थीं।
मॉस्को सोसाइटी ने कहा था कि 1934 में जिस महिला की मौत हुई थी वह जीन कैलमेंट ही थीं ना कि उनकी बेटी। उस समय वह 59 साल की थीं। हालांकि उनकी बेटी युवोन ने उत्तराधिकार टैक्स भरने से बचने के लिए मां की पहचान ले ली। अगर रूसी शोधकर्ताओं का दावा सच है तो जीन की बेटी की मौत 99 साल की अवस्था में हुई थी |
रोजगार मेला : 71 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे PM मोदी, ऑनलाइन होगा संबोधन
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जनवरी को रोजगार मेला कार्यक्रम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त भर्तियों को लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। समारोह के बाद वह रंगरूटों को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने जानकारी दी कि पीएम मोदी शुक्रवार सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
भारत सरकार की नौकरियों के तहत जूनियर इंजीनियर, लोको पायलट, टेक्नीशियन, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, स्टेनोग्राफर, जूनियर अकाउंटेंट, ग्रामीण डाक सेवक, आय कर निरीक्षक, शिक्षक, नर्स, डॉक्टर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, पीए, एमटीएस, अन्य जैसे कई पदों/पदों पर देश भर से चुने गए नए रंगरूटों को नियुक्त किया गया है। इस रोज़गार कार्यक्रम के दौरान कर्मयोगी प्रारंभ मॉड्यूल से सीखने में नए शामिल अधिकारियों के अनुभव को भी साझा किया जाएगा। कर्मयोगी प्रारंभ मॉड्यूल विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त सभी नए लोगों के लिए एक ऑनलाइन ओरिएंटेशन कोर्स है।
रोजगार मेला रोजगार सृजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। इससे आगे रोजगार सृजन में एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करने और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने की उम्मीद है। रोजगार मेला नौकरी चाहने वालों और नियोक्ताओं की बैठक को तेजी से ट्रैक करने की एक रोजगार रणनीति है। यह पहल राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा की गई है।
भारत जोड़ो यात्रा जम्मू पहुंची : स्वागत करने पहुंचे फारूक अब्दुल्ला
जम्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने जम्मू में प्रवेश कर लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पहले से ही उनकी अगवानी करने के लिए वहां मौजूद हैं। डॉ. अब्दुल्ला अपने नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं के साथ जम्मू से बस में लखनपुर बॉर्डर पहुंचे। सरकार ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यात्रा भारत के सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के लिए है। उन्होंने कहा कि यात्रा देश में एकता को मजबूत करेगी और कश्मीर से देश में उम्मीद का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि वह कन्याकुमारी से राहुल गांधी के साथ चलते। “लेकिन मैं 90 साल का हूं। अगर मैं छोटा होता तो मैं कन्याकुमारी से राहुल के साथ चलता। उनकी (राहुल) यात्रा नफरत को खत्म करने के लिए है।
यात्रा को लेकर भाजपा की आलोचना को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को समझना चाहिए कि यात्रा देश की एकता के लिए है। फारूक ने कहा, ‘जिस दिन चुनाव के लिए यात्रा निकाली जाएगी, उस दिन बीजेपी को राजनीति करने की आजादी है.’ वास्तव में, उन्होंने कहा, भाजपा को इस यात्रा का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा एक बड़ा कदम है क्योंकि जनरल कपूर और एएस दुलत जैसे शीर्ष पूर्व सेना और खुफिया अधिकारी इसमें भाग ले रहे हैं। “वे यात्रा में क्यों शामिल हो रहे हैं? क्योंकि वे देख रहे हैं कि भारत का विभाजन हो रहा है। अगर हम नफरत की राजनीति करते रहे तो हम भारत को नहीं बचा पाएंगे।’
यह इस देश की विरासत को पुनः प्राप्त करने के बारे में है जो कि भारत का विचार है। मेरे लिए भारत जोड़ो यात्रा का मतलब कांग्रेस की विरासत और इस देश को आजाद कराने और इसे एक लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष देश बनाने का लंबा संघर्ष भी है। और आप जानते हैं कि भाजपा इसी विरासत को ध्वस्त करना चाहती है। महबूबा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा का उद्देश्य देश के सामाजिक और सांप्रदायिक सद्भाव के ताने-बाने को बचाना है, जिसे भाजपा ईंट से ईंट तोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि पीडीपी यात्रा का हिस्सा होगी।
राहुल बोले : मेरे पूर्वज इसी भूमि से थे, सरकार बड़े पैमाने पर जनता की जेब काट रही है
जम्मू, राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल अंतिम पड़ाव में है। राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा अब जम्मू कश्मीर में पहुंच गई है। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में 30 जनवरी को राहुल गांधी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा संपन्न हो जाएगी। राहुल गांधी ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश के बाद कहा कि मेरे पूर्वज इसी भूमि से संबंध रखते थे, मुझे लगता है कि मैं घर वापस लौट रहा हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने नफरत फैलाई है, पहले मैंने सोचा था कि यह बहुत गहराई तक फैला है, लेकिन ऐसा नहीं है और ऐसा मुख्य रूप से टेलीविजन पर दिखाई देता है। राहुल ने कहा कि मैं कन्याकुमारी से पैदल चलकर कश्मीर आया हूं, भाजपा और आरएसएस की नीतियों ने बड़े पैमाने पर बेरोजगारी की समस्या पैदा की है।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर ‘‘जनता की जेब काट’’ रही है, यह आपका ध्यान भटकाती है और फिर आपको लूटती है। उन्होंने नफरत, हिंसा, बेरोजगारी और महंगाई को देश के मुख्य मुद्दे करार देते हुए मीडिया पर इन्हें उजागर न करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया लोगों का ध्यान भटकाने के लिए बॉलीवुड सितारों- ऐश्वर्या राय और अक्षय कुमार जैसे विषयों का सहारा लेता है। वहीं इससे पहले पंजाब में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा। एक बार फिर पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उसे ‘‘रिमोट कंट्रोल’’ से चलाया जा रहा है। वायनाड से सांसद ने आम आदमी पार्टी (आप) पर पिछले साल हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में विज्ञापनों पर पंजाब की धनराशि खर्च करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने जम्मू में प्रवेश करने पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पहले से ही उनकी अगवानी करने के लिए वहां मौजूद रहे। डॉ. अब्दुल्ला अपने नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं के साथ जम्मू से बस में लखनपुर बॉर्डर पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यात्रा भारत के सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे के लिए है। उन्होंने कहा कि यात्रा देश में एकता को मजबूत करेगी और कश्मीर से देश में उम्मीद का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि वह कन्याकुमारी से राहुल गांधी के साथ चलते। “लेकिन मैं 90 साल का हूं। अगर मैं छोटा होता तो मैं कन्याकुमारी से राहुल के साथ चलता। उनकी (राहुल) यात्रा नफरत को खत्म करने के लिए है।
सफलता के लिए संयम, नियम और अनुशासित जीवन जरूरी: सीएम
देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सफलता के लिए संयम, नियम और अनुशासित जीवन जरूरी है। मुख्यमंत्री ने गुरूवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय ननूरखेड़ा में विद्यार्थियों के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में छात्रों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों को उत्तराखण्ड एवं देश का भविष्य निर्माता बताते हुए उन्हें परीक्षा की तैयारियों के लिये ज्ञानवर्धक सलाह देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागी छात्रों को पुरस्कार भी प्रदान किये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों के साथ इस आयोजन में शामिल होकर वे स्वयं को और अधिक ऊर्जा से भरा हुआ अनुभव कर रहे हैं। बच्चों की परीक्षाएं आने वाली हैं और उनके साथ इस विषय पर संवाद करना भी एक सुखद अनुभव है। इससे उन्हें अपने स्कूल के दिनों का भी स्मरण करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उनके एक शिक्षक ने बचपन में उन्हें विद्यार्थी के पांच मुख्य गुणों के बारे में एक श्लोक के माध्यम से बताया था कि उसमें कौवे की तरह जानने की चेष्टा, बगुले की तरह ध्यान लगाने की क्षमता, श्वान निद्रा और अल्पाहारी और गृहत्यागी गुण पांच गुण होने चाहिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं में थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक बात है, परन्तु जब यह तनाव बहुत अधिक बढ़ जाता है तो न केवल परीक्षा के परिणाम में इसका विपरीत असर पड़ता है बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कुछ समय पहले पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न स्व. एपीजे अब्दुल कलाम की जीवनी पर आधारित किताब “अग्नि की उड़ान“ पढ़ी। इस किताब से वे अत्यंत प्रभावित हुए, क्योंकि यह किताब हमें बताती है कि सफलता, परिश्रम के साथ-साथ व्यक्ति की सकारात्मक सोच पर निर्भर करती है ।
उन्होंने कहा कि आप लोग डा. कलाम या हमारे प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी सहित अनेक महान लोगों की जब जीवनी पढ़ेंगे, तब पाएंगे कि उनमें एक बात समान है और वो है सकारात्मक सोच। जब मेहनत के साथ सकारात्मक सोच का मिश्रण हो जाता है तो व्यक्ति को सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को भी ऐसी किताबें पढ़नी चाहिये। परीक्षा की तैयारियों से संबंधित प्रधानमंत्री जी ने भी एक किताब लिखी है, इसका नाम है “एग्जाम वॉरियर्स“ यह किताब अत्यंत ही रूचिपूर्ण और ज्ञानवर्धक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कुछ दिन पूर्व जहां एक ओर हमने वीर बाल दिवस मनाकर गुरू गोविंद सिंह जी के महान सपूतों का स्मरण किया, वहीं दूसरी ओर हमने चिर युवा सन्यासी स्वामी विवेकानंद जी का जन्मदिवस भी युवा दिवस के रूप में मनाया। स्वामी विवेकानंद जी का उनके जीवन में बहुत अधिक प्रभाव रहा है। जब अपने स्कूल के दिनों में उन्होंने उनकी यह उक्ति उठो, जागो और लक्ष्य तक पहुंचे बिना रूको मत पढ़ी तभी ठान लिया था कि जीवन में जिस भी क्षेत्र में जाउंगा, अपना 100 प्रतिशत योगदान देने का प्रयास करूंगा।
उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि आप लोग भी जिस क्षेत्र में जाएं उस क्षेत्र में अपना 100 प्रतिशत योगदान देकर उस क्षेत्र के नेता अर्थात लीडर बनें। जैसे आप खेल के क्षेत्र में जाएं तो सचिन तेंदुलकर की भांति खेल के लीडर बने। आप गायक बनें तो लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी जैसे महान गायक बनें और यदि आप लोग राजनीति में आए तो आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी की भांति विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बनें।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि आप सबने इस कार्यक्रम के माध्यम से बहुत सारी पेंटिंग भी बनाई हैं। जिनमें पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य बहुत से समाजोपयोगी विषयों को समाहित किया है। इसके लिये उन्होंने सभी के प्रयासों की सराहना भी की। मुख्यमंत्री ने छात्रों का आहवान किया कि सभी छात्र कड़े अनुशासन, सही समय प्रबंधन और अपने माता-पिता एवं गुरूजनों के आशीर्वाद से जिस भी क्षेत्र में जाए, अपने परिवार, राज्य और देश का नाम रोशन करें।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करने के लिये ‘‘मंजिल ही जीवन का किस्सा है राही बन उस तक जाना है सफलता-असफलता जीवन का हिस्सा है इनसे घबराना कैसा है उठो, जागो और संघर्ष करों यही तो बस जीवन कहता है’’ कविता भी सुनाई।
संवाद के दौरान छात्रा कु. शैलजा कुकरेती, छात्रा कु. खुशी, पूजा, निशा गुप्ता रानी, छात्र रामकरण, युवराज आदि द्वारा परीक्षा की तैयारियों एवं मुख्यमंत्री से बचपन में परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित प्रश्नों के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के समय कुछ तनाव सभी को रहता है किंतु पहले के और अबके समय में बड़ा अंतर है। आज पूरी दुनिया आपके मोबाइल में सिमटी है। पहले संसाधनों का अभाव था, उनकी प्राइमरी शिक्षा स्लेट, दफ्ती, दवात और टाट पट्टी में बैठकर हुई। 3-4 कि.मी. पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता था। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी सोच सकारात्मक रखें, आप जैसा बनना चाहेंगे वही बनेंगे। आज हमारे साथ हमारे अभिभावक के रूप में प्रधानमंत्री श्री मोदी जैसा व्यक्तित्व है जो परीक्षा के समय छात्रों से चर्चा कर उनका मार्ग दर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव रविनाथ रमन ने भी छात्रों को संबोधित किया। महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा सभी छात्रों को आने वाली परीक्षाओं की सफलता के लिये शुभकामना दी।
प्लास्टिक पन्नी बनाने वाली फैक्ट्री पर प्रशासन और पुलिस का छापा

प्रतिबंधित पॉलिथीन फैक्ट्री की सूचना पर कार्रवाई
सितारगंज। पुलिस और प्रशासन की टीम ने नकुलिया रोड स्थित प्लास्टिक की पन्नी बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां भारी मात्रा में पन्नी बरामद की गई है। फैक्ट्री को प्रशासन ने सील कर दिया है। इसके अलावा इसकी सूचना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनजीटी को दो दी गई है।
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी तुषार सैनी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन व नगरपालिका की टीम ने नुकुलिया रोड स्थित पन्नी फैक्ट्री में मारा छापा। मैसर्स जुनैद नाम की फैक्ट्री में भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन बरामद की गई। प्रशासन में प्लास्टिक जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया है। इधर, अधिकारियों ने मामले की तत्काल सूचना उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनजीटी को दे दी है।इस मौके पर तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी, नगर पालिका ईओ प्रियंका आर्य,एस आई संजय बोरा,पटवारी दीपक,शेखर आर्य आदि उपस्थित रहे!