Monday, June 9, 2025
Home Blog Page 374

गणतंत्र दिवस पर शिक्षकों व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को किया सम्मानित

0

हरिद्वार (कुलभूषण), गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में गणतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमदेव शतान्शु ने ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा की हम सभी को राष्ट्र निर्माण के लिए आगे आकर मिलकर करना होगा।हम सभी के लिए यह सौभाग्य की बात है की हमें गुरुकुल कांगड़ी में सेवा करने का अवसर मिला है। देश की आजादी के आन्दोलन में गुरुकुल के संस्थापक अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद महाराज व यहां के ब्रह्मचारियों का बहुमूल्य योगदान रहा है। आज दुनिया में भारत का गौरव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढा है सारी दुनिया ने भारत की प्रतिभा व युवा नेतृत्व को स्वीकार किया है।

विगत दिनों सम्पन्न हुए अयोध्या मे राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह व पिछले दिनों अंतरिक्ष अभियान में अपनी प्रतिभा का लोहा दुनिया के सामने स्थापित कर भारत ने विश्व पटल पर स्थापित की है।आज दुनिया के देश आशा भरी निगाहों से भारत की ओर देख रहे है।

इस मौके पर उन्होंने देश के शहीदों को नमन करते हुए युवाओं से भारतीय गौरवशाली संस्कृति व संस्कारों के साथ आगे बढते हुए अपने देश के संविधान द्वारा प्राप्त अधिकार का प्रयोग करते हुए देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को आधार मानते हुए राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान करते हुए गणतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर शिक्षा व शोध के क्षेत्र में कार्य करने के लिये प्रो आर सी दुबे, प्रो नवनीत, प्रो. एल.पी.पुरोहित, प्रो. अम्बुज शर्मा,प्रो.प्रभात सैंगर,प्रो.डी.एस.मलिक, प्रो देवेन्द्र गुप्ता, प्रो विवेक गुप्ता, प्रो.मृदुला जोशी, प्रो हेमलता के. असि. प्रोफेसर डॉ विपिन कुमार शर्मा, डॉ विनोद कुमार, डॉ जसपाल, डॉ दिलीप कुशवाहा, डॉ अश्वनी कुमार, डॉ उधम सिंह, डॉ रविन्द्र कुमार, डा. गगन माटा, डा. अजेन्द्र, डा. अजित तोमर, डॉ.नितिन काम्बोज, डॉ.सुहास, डा.वेदव्रत, प्रशासनिक कार्य के कुलसचिव प्रो.सुनील कुमार शिक्षकेत्तर कर्मचारी गिरीश चन्द्र जोशी,दीपक नेगी, प्रवीण कुमार, रसना को श्रेष्ठ कर्मचारी के रूप में स्मृति चिन्ह देकर व शाल पहनाकर कुलपति ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर एन सी सी व एन एस एस के कैडेट्स द्वारा अपने अपने क्षेत्र मे बेहतर प्रदर्शन के लिये सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा.शिव कुमार चौहान ने किया।

मुख्यमंत्री धामी एवं विधायक खजान दास ने किया उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2024 का उद्घाटन

0

देहरादून,  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राजपुर विधायक खजान दास ने आज परेड ग्राउंड में उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। राज्य जनजातीय अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आदिवासी कला, संस्कृति और हस्तशिल्प का एक जीवंत प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

अपने संबोधन के दौरान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “यह महोत्सव समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का उत्सव है जो उत्तराखंड को परिभाषित करता है। यह कार्यक्रम हमारे आदिवासी समुदायों की अविश्वसनीय प्रतिभाओं और विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “आदिवासी समाज के आत्मनिर्भर बनने से राज्य के साथ साथ देश का भी उत्थान होगा। हमारी सरकार उत्तराखंड के जनजातीय समाज के विकास और उत्थान की दिशा में बढ़ चढ़ के काम कर रही है और करती रहेगी। सरकार उन आदिवासी शख्सियतों को दुनिया के सामने लाने की दिशा में भी काम कर रही है, जिन्हें अभी तक कोई जानता नहीं था।”

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में आदिवासी समाज के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री धामी ने यह भी घोषणा की कि उत्तराखंड राज्य जनजातीय कल्याण विभाग के ढांचे का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा और उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव के लिए धनराशि को भी बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव का लोगो भी लॉन्च किया।

आज से शुरू होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव में मनोरम जनजातीय कला और संस्कृति प्रदर्शनी के साथ-साथ राज्य भर की विभिन्न जनजातियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखी जाएंगी।

टीआरआई उत्तराखंड के निदेशक, एसएस टोलिया ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह महोत्सव परंपरा और आधुनिकता के बीच एक पुल के रूप में काम करेगा और साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत के लिए गहरी समझ और सराहना को बढ़ावा देगा।”

टीआरआई उत्तराखंड के समन्वयक, राजीव कुमार सोलंकी ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव हमारे जनजातीय समुदायों की अनूठी परंपराओं को संरक्षित और बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। यह कार्यक्रम उन्हें अपनी कला, संस्कृति और कहानियों को दर्शकों के साथ साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।”

महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय ने ‘तुम सहरी माई पहाड़ी’ और ‘माया घस्यारी’ सहित अपने लोकप्रिय हिट गानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

राज्य भर से हजारों प्रतिभागी उत्सव में शामिल हुए हैं, जिसमें जैविक बाजरा-आधारित खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प, कला और सजावट, और कपड़े सहित विविध प्रकार की वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया है। 29 जनवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में सभी के लिए प्रवेश निःशुल्क है।

बिग ब्रेकिंग:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देहरादून में स्टेट  हैंडलूम एक्सपो का किया गया शुभारंभ – The True Fact

मुख्यमंत्री धामी ने किया देहरादून में स्टेट हैंडलूम एक्सपो का शुभारंभ 

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित स्टेट हैंडलूम एक्सपो में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक्सपो में लगी विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर शिल्पियों, बुनकरों एवं लघु उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दस लोगों को उत्तराखंड शिल्प रत्न पुरस्कार भी प्रदान किए। इसके तहत एक लाख रुपए की धनराशि, प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र दिए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट हैंडलूम एक्सपो अपने-आप में विशिष्ट है, क्योंकि इसका स्वरूप जहां एक ओर मेले जैसा है वहीं यह व्यापारिक और स्वरोजगार के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं और महिलाओं को अपने कार्य का प्रदर्शन करने हेतु एक विशिष्ट मंच भी प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने शिल्प रत्न एवं हथकरघा, हस्तशिल्प एवं लघु उद्यम क्षेत्र में पुरस्कृत सभी उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिल्पियों, बुनकरों एवं लघु उद्यमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से जहां एक ओर स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है वहीं आदरणीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी द्वारा दिए गए ’’आत्मनिर्भर भारत’’ के मंत्र को भी मजबूती मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के स्टेट हैंडलूम एक्सपो के माध्यम से व्यापारियों, कलाकारों, कारीगरों आदि को परस्पर अनुभवों के आदान-प्रदान में भी सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि एक्सपो में महिला समूहों द्वारा विभिन्न स्टॉलों का संचालन व गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का विपणन आर्थिक सशक्तता की ओर महिलाओं की रुचि को भी प्रदर्शित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे बताया गया है कि राज्य में 4 लाख 22 हजार परिवारों को संगठित कर 56 हजार 362 समूह तथा 5 हजार 718 ग्राम संगठन तैयार किये गये हैं। इन संगठनों को व्यवसायिक गतिविधियों से निरंतर जोड़े रखने के लिए 350 पंजीकृत सहकारिताओं का गठन किया गया है। जिनमें से आज यहां पर उत्तराखण्ड राज्य और अन्य राज्यों के स्वयं सहायता समूहों के हैण्डी क्राफ्ट, हैंडलूम, जैविक उत्पाद एवं स्थानीय व्यंजन आदि के स्टॉल प्रदर्शित किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति को आप हैंडलूम में उकेरिए और देखिए बाजार अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे पिछौडे के डिजाइन की अलग पहचान है। इसकी बहुत मांग है और यह मांग देश ही नहीं दुनिया भर में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां की टोपी को आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने जब से पहना है वो पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं लंदन और दुबई के दौरे पर गया तो वहां पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने इस टोपी को पहनकर स्वागत किया। यह दर्शाता है कि हमारे उत्पाद पूरी दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।  मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात, मुंबई, बैंगलोर सहित अन्य स्थानों पर भी जब हम गए तो लोगों के सिर पर उत्तराखंड की टोपी थी और उस पर ब्रह्म कमल का चिन्ह बना हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे हैंडलूम में आप यहां के प्रतीक चिन्ह हमारी संस्कृति का समावेश करेंगे तो ये निश्चित ही देश दुनिया में लोकप्रियता और पहचान दिलाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो जैकेट मैंने पहनी हुई है, वो आपकी बनाई हुई है, इसकी बहुत मांग है, क्योंकि प्रदेश में भांग के रेशे से, बांस के रेशे से जैकेट्स बन रही है, मफलर बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदरणीय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के मंत्र ’’वोकल फार लोकल, लोकल फार ग्लोबल थीम’’ के अंतर्गत राज्य के आर्गेनिक उत्पाद एवं परम्परागत शिल्प उत्पादों के विकास एवं विपणन के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी जब लगभग दो वर्ष पहले वाइब्रेंट विलेज के तहत माणा प्रवास पर आए थे तो उनके द्वारा उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के लिए ब्रांड बनाने का सुझाव दिया था। इस पर अमल करते हुए हमारी सरकार ने विगत दिसंबर माह में देहरादून में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान हाउस ऑफ हिमालयाज नाम से अम्ब्रेला ब्रांड का शुभारंभ आदरणीय प्रधानमंत्री जी के हाथों करा दिया है। इसके लिए कंपनी भी बन गई है और इसे रजिस्टर्ड भी करा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्थानीय शिल्प उत्पादों के विकास एवं विपणन के प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है जिसमें शिल्पी पेंशन योजना, शिल्प रत्न पुरस्कार, मेला एवं प्रदर्शनी एवं केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना प्रमुख हैं। हमारी सरकार हथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिल्पियों के मान सम्मान के लिए भी प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यन्त हर्ष का विषय है कि उत्तराखण्ड ने राज्य में उत्पादित, निर्मित 9 हस्तशिल्प उत्पादों ने जीआई टैग प्राप्त किये हैं।  उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम राज्य के लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। यह आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व का ही कमाल है कि आज वैश्विक पटल पर हमारा देश विश्व को एक नई दिशा दिखाने का काम कर रहा है। प्रधानमंत्री जी का हमारी देवभूमि के प्रति विशेष लगाव रहा है और इसे हमारे यहां केंद्र सरकार द्वारा संचालित हो रही विशिष्ट परियोजनाओं के माध्यम से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के विकास का कार्य जो पहले एक सपना मात्र लगता था वह आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जमीन पर संभव होता दिख रहा है। आज के आधुनिक युग में भी प्रत्येक उत्तराखंडी अपनी संस्कृति से जुड़ा हुआ है। आज का यह हैंडलूम एक्सपो, अपनी जड़ों से जुड़े रहने की हमारी इसी जिद को प्रदर्शित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि एक समृद्धशाली उत्तराखंड के निर्माण के लिए यह आवश्यक है कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश में प्रत्येक स्थान पर निरंतर होते रहें।
इस अवसर पर विधायक राजपुर रोड खजान दास, राज्य स्तरीय महिला उद्यमी परिषद की उपाध्यक्ष विनोद उनियाल, सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय आदि उपस्थित रहे।

न्याय की आस जगाएगा खड़गे का दौरा : देवभूमि उत्तराखंड़ से होगा लोकसभा चुनाव का शंखनाद : कांग्रेस

0

देहरादून, उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन महारा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदयाल पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, मीडिया प्रभारी डॉक्टर चयनिका उनियाल ने सामूहिक प्रेस वार्ता कर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के देहरादून बन्नू स्कूल ग्राउंड रेस कोर्स में 28 जनवरी को प्रस्तावित विराट कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए जन सामान्य का आह्वाहन करते हुए उसमें प्रतिभाग करने का निवेदन किया ।
पत्रकार वार्ता के दौरान बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने कहा कि यह उत्तराखंड कांग्रेस का सौभाग्य है कि लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चार धामों की भूमि उत्तराखंड को चुना। महारा ने कहा की खड़गे की आवाज हर वंचित, शोषित, गरीब और मजलूम की आवाज है ।आज जिस तरह से एनसीआरबी का डाटा सामने आया है वह अत्यंत चिंताजनक है ।
उसके द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार नौ हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड महिला अपराध के क्षेत्र में अग्रणी स्थान पर है, जहां 1 वर्ष में 907 दुष्कर्म और 778 महिलाओ के अपहरण हो गए। ऐसे में देश की जनता कांग्रेस के नेतृत्व की ओर आस भरी निगाहों से देख रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कल का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, मोहल्ले ,कस्बे गांव में रहने वाले बूथ स्तर के कार्यकर्ता को सीधे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से संवाद करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। आर्य ने कहा कि श्री खड़गे का वृहद और दीर्घकालिक अनुभव है। प्रशासनिक अनुभव में भी वह अव्वल है और जो आज देश के हालात हैं उसमें जो संदेश वह देवभूमि से देंगे वह पूरे देश में जाएगा। आर्य ने कहा कि आज भाजपा की प्रचंड बहुमत और डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है। भाजपा का ना 2014 का कोई एजेंडा था ना 2019 का और न कोई 2024 का एजेंडा है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा की खड़गे न सिर्फ अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष हैं बल्कि इंडिया एलायंस के भी अध्यक्ष हैं उनका यहां आना कई मायनों में बहुत महत्वपूर्ण है, मजदूरों को उत्पीड़नात्मक श्रम कानून से निजात चाहिए, किसानों को महंगाई से, महिलाओं को अत्याचार से ।
इस सरकार ने सबको परेशान कर दिया है, नौजवान आज हताश और निराश है ,भ्रष्टाचार सर्वव्यापी है । रावत ने कहा कि खड़गे का कांग्रेस के लिए योगदान अतुलनीय है, उन्होंने उत्तराखंड में समाज के सभी वर्गों से प्रार्थना की कि वह खड़गे की इस सभा में पधारे। रावत ने धामी सरकार के द्वारा परेड ग्राउंड नहीं दिए जाने की भी निंदा की, उन्होंने कहा यह भाजपा में वैमनस्य की भावना को उजागर करता है । यह लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने वाला कदम है ।लोकतंत्र की खूबसूरती इसी में है की विपक्ष भी उतना ही मजबूत होना चाहिए जितना सत्ता पक्ष। परेड ग्राउंड ना देकर सत्ता पक्ष समझता है कि वह विपक्ष की आवाज को दबा देगा पर ऐसा कतई नहीं होगा ।

प्रेस वार्ता के दौरान संबोधन करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा की परेड ग्राउंड देहरादून का हृदय स्थल है जिसे शासन प्रशासन ने कांग्रेस को देने से मना कर दिया जो की बेहद खतरनाक परिपाटी है ।आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष के नेता परेड ग्राउंड से संबोधित करेंगे इस तरह का भेदभाव स्वीकार करने योग्य नहीं है। प्रीतम सिंह ने कहा की रिवर्स पलायन के लिए आयोग गठित हुआ उसकी रिपोर्ट का अता पता नहीं। अग्नि वीर योजना ने यहां के जवानों पर कुठाराघात करने का काम किया है भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।लेकिन कांग्रेस पूरी तत्परता से इस लड़ाई को लड़ेगी ।
प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड के जन सामान्य का आह्वाहन करते हुए कहा कि वह आगे आए और खड़गे जी के सम्मेलन का हिस्सा बने ताकि उनकी आवाज को ताकत मिल सके जिससे वह चुनौतियों का सामना पुरजोर तरीके से कर सकें। प्रीतम सिंह ने कहा कि आज कानून व्यवस्था ढर्रे से उतर चुकी है। अंकिता के पिता ने लिखित शिकायत कर वीआईपी के नाम का खुलासा तक कर दिया लेकिन धामी सरकार आज भी सीबीआई जांच से घबरा रही है। आखिर सरकार बताएं कि क्या यह घोषित नाम को बचाने का प्रयास है? गणेश गोदियाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा की राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी का आगमन हम सबको गौरवांवित करने वाला पल है। कोने-कोने से कांग्रेस जनों में आस जगाने वाला और रोशनी देने वाला कार्यक्रम है। आज कार्यकर्ता में जोश और उत्साह नजर आ रहा है, उनका आगमन राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी चोट करेगा, गोदयाल ने खनन घोटाले पर बोलते हुए कहा कि कितनी शर्म की बात है कि उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार के द्वारा हो रही खनन घोटाले की तुलना 2G स्पेक्ट्रम घोटाले से कर दी। आज इसे विडंबना ही कह सकते हैं कि सरकार को चाहे उद्यान घोटाला हो या खनन घोटाला हर जगह पर मुंह की खानी पड़ रही है। गोदियाल ने कहा कि खड़गे ना उम्मीद लोगों की उम्मीद बनकर आएं हैं।
अंतिम वक्ता के रूप में प्रदीप टम्टा ने कहा कि राहुल गांधी की मणिपुर से मुंबई तक जो भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है उसमें पांच बिंदुओं पर बात हो रही है। युवा न्याय महिला न्याय किसान न्याय श्रमिक न्याय और भागीदारी का न्याय। टम्टा ने कहा कि आज रोजगार के सभी स्रोत बंद हो गए हैं ।मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है, एनसीआरबी के आंकड़ों के अलावा भी दलित महिलाओं का उत्पीड़न लगातार अपने चरम पर है। स्वयं मुख्यमंत्री की विधानसभा महिला अपराध में नंबर वन बन गई है । कमजोर वर्ग का उत्पीड़न अपने चरम पर है ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे का यह दौरा आशा की एक किरण जगाता है। पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, मीडिया प्रभारी पीके अग्रवाल एवं मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी भी मौजूद रहे।

लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की राज्योें के प्रभारियों की सूची

0

देहरादून/नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने 23 राज्यों के चुनाव प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। उत्तराखंड की जिम्मेदारी दुष्यंत कुमार गौतम को दी गई है। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी बैजयंत पांडा व बिहार का जिम्मा विनोद तावड़े के पास ही रहेगा।
बीजेपी ने उत्तराखंड की कमान दुष्यंत कुमार गौतम को दी हैं।

Lok Sabha Elections 2024: BJP ने किया लोकसभा चुनाव के लिए प्रभारियों का ऐलान, देखें पूरी लिस्ट...

 

भाजपा महानगर के कैंप कार्यालय का परमाध्यक्ष शारदा पीठाधीश्वर अनंन्तश्री जगगुरू शंकराचार्य स्वामी ने किया उद्धाटन

देहरादून, भारतीय जनता पार्टी महानगर के कैंप कार्यालय कांवली रोड का परमाध्यक्ष शारदा पीठाधीश्वर अनंन्तश्री जगगुरू शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज के कर कमलों द्वारा उद्घाटन किया गया, इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल को अनंत हार्दिक शुभकामनाओं के साथ स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान किया और कहा कि जैसे भाजपा दिन प्रतिदिन उन्नति के मार्ग प्रशस्त कर रही है उसी प्रकार आप भी सदैव निष्ठा एवं समर्पण के भाव के साथ पार्टी संगठन में नित नए आयामों को प्राप्त करेंगे यह मेरा आशीर्वाद आपके साथ एवं भाजपा परिवार के साथ रहा है व सदैव रहेगा।
भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून कैंप कार्यालय के उद्घाटन के शुभ अवसर पर प्रदेश के यशस्वी अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने भी महानगर अध्यक्ष को शुभकामनाओं के साथ बधाई देते हुए कहा कि सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में महानगर देहरादून का कैंप कार्यालय खोलने पर मैं इनको साधुवाद देता हूं इनको एवं इनकी टीम को बहुत बहुत बधाई शुभकामनाएं प्रदान करता हूं। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी राजपुर विधानसभा के विधायक खजान दास, धर्मपुर के विधायक विनोद चमोली कैंट विधायक सविता कपूर एवं ज्योति प्रसाद गैरोला ने इस शुभ अवसर पर शुभकामनाएँ व आशीर्वाद प्रदान किया।
महानगर के सभी मंडल अध्यक्ष एवं सैकड़ो की संख्या में पार्टी के जयेष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ता व्यापरीगण एवं भाजपा के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के कैंप कार्यालय की उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होकर उनको शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

अनुष्का मर्तोलिया ने की राष्ट्रीय पात्रता (नेट) की परीक्षा पास

0

पिथौरागढ, जनपद तहसील मुनस्यारी के ग्राम पंचायत सुरिंग निवासी अनुष्का मर्तोलिया ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता (नेट) की परीक्षा में सामाजिक विज्ञान विषय से (जेआरएफ)उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है।
इससे पूर्व भी स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष में (नेट) परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी है। बचपन से ही मेधावी रहे अनुष्का ने हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून से उत्तीर्ण की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की डिग्री इसी वर्ष प्राप्त किया है।
अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता भगत सिंह मर्तोलिया व माता उषा मर्तोलिया एवं गुरुजनों को दिया है।
ग्राम पंचायत सुरिंग की प्रधान ललिता मर्तोलिया, जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि अन्य बेटियों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।

 

 

श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाई गई गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ

देहरादून, भारतीय गणतंत्र कि 75वीं वर्षगांठ श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाई गयी, इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये, मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र जैन ने ध्वजारोहण किया, राष्ट्रगान के बाद बच्चों ने डंबल पीटी का सुंदर प्रस्तुति की इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जिसमें ए मेरे वतन के लोगों वंदना आदि गीतों की प्रस्तुति विद्यालय के बच्चों ने की ।
प्रधानाचार्या डा. शुभि गुप्ता द्वारा विभाग से दिया गया गणतंत्र दिवस संदेश पढा और बच्चों को इस दिवस के बारे में अवगत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र जैन द्वारा प्रतिभागों को पुरस्कार तथा एनएसएस की विशेष शिविर के सफल संचालन हेतु कार्यक्रम अधिकारी मनमोहन मठपाल और अंतर सदनीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीनिवास रामानुजन सदन को सम्मानित किया गया | तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा बच्चों को अपना आशीर्वाद व प्रेरणादाई शब्दों से अच्छे नागरिक बनने की सीख दी गयी |
अंत में विद्यालय के अध्यक्ष श्री मनीष जैन जी द्वारा कार्यक्रम से धन्यवाद संबोधन दिया गया कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध कार्यकारिणी के समस्त सदस्य व सभी शिक्षक शिक्षिकाएं कर्मचारी कर्मी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी, पांच फरवरी से होगा शुरू

0

देहरादून, विधानसभा सचिवालय ने उत्तराखंड विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। पांच फरवरी को उत्तराखंड विधानसभा का सत्र शुरू होगा। जारी अधिसूचना के अनुसार, पांच फरवरी को सुबह 11बजे से सत्र की कार्यवाही शुरू होगी। बता दें कि आठ सितंबर 2023 को अनिश्चितकाल के लिए उत्तराखंड विधानसभा का सत्र स्थगित हुआ था। सत्र में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने से संबंधित विधेयक लाया जा सकता है। समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए गठित विशेषज्ञ समिति का कार्यकाल शासन ने 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है। शासन ने समिति से अपेक्षा की है कि वह जल्द से जल्द अपनी संस्तुति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उपलब्ध कराए।

सूत्रों के अनुसार दो फरवरी को विशेषज्ञ समिति मुख्यमंत्री को यह ड्राफ्ट सौंप देगी। सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित विशेषज्ञ समिति का कार्यकाल 26 जनवरी, यानी शुक्रवार को समाप्त हो रहा था। समिति ने ड्राफ्ट तैयार तो कर लिया है लेकिन मुख्यमंत्री को सौंपा नहीं है। मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि ड्राफ्ट मिलने के तुरंत बाद विधानसभा सत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने से संबंधित विधेयक पारित कराया जाएगा। समिति का कार्यकाल केवल 15 दिन बढ़ाने से यह तय माना जा रहा है कि समिति इस अवधि में सरकार को ड्राफ्ट सौंप देगी।

ऐसे में फरवरी के पहले पखवाड़े में विधानसभा सत्र बुलाया जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता के लिए गठित विशेषज्ञ समिति ने ड्राफ्ट का कार्य पूरा कर लिया है। ड्राफ्ट मिलते ही सरकार जल्द से जल्द विधानसभा सत्र बुलाकर समान नागरिक संहिता को पूरे प्रदेश में लागू करेगी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया है। जनसेवा से संबंधित अधिकांश सेवाएं आनलाइन कर दी गई हैं।

उत्सव के रूप में मनाया जायेगा ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रमः डॉ. धन सिंह रावत

0

देहरादून, सूबे में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। जिसका सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में किया जायेगा। जहां पर छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बोर्ड परीक्षाओं को लेकर इस विशेष कार्यक्रम को लाइव देखेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्द्धन करेंगे। इसके अलावा परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के तहत सेल्फी प्वाइंट भी बनाये गये हैं जहां पर छात्र-छात्राएं अपनी सेल्फी ले सकेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों को समुचित निर्देश दे दिये गये हैं।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेशभर में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाया जायेगा, जिसकी तैयारियों में विभाग पूरे जोर-शोर से जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी 29 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के 7वें संस्करण के माध्यम से देशभर के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बातचीत करेंगें और बच्चों को बोर्ड परीक्षा के दौरान तनाव से मुक्त रहने के खास टिप्स देंगे। प्रधानमंत्री की इस मास्टर क्लास का प्रदेश के सभी राजकीय, अशासकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों, छात्रावासों, डायट, एससीईआरटी एवं विभागीय कार्यालयों में लाइव प्रसारण देखा जायेगा। जहां पर छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस देशव्यापी कार्यक्रम में सूबे के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और वह स्वयं भी विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे और छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ायेंगे। इस दौरान राज्यपाल के साथ विभागीय सचिव, मुख्यमंत्री के साथ महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा तथा विभागीय मंत्री के साथ अपर सचिव व निदेशक विद्यालयी शिक्षा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सांसद, क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, ब्लॉक प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी अपने निकटतम स्कूलों में जाकर कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। डॉ. रावत ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम की जानकारी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आम जनमानस तक अधिक से अधिक पहुंचे इसके लिये हरिद्वार, देहरादून एवं ऊधमसिंह नगर जनपद के सर्वाधिक छात्र संख्या वाले विद्यालय में सेल्फी प्वाइंट बनाये जायेंगे। विभागीय मंत्री ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिये गये हैं।

गुरुकुल पब्लिक स्कूल भृगुखाल ने 75वाँ गणतंत्र दिवस बड़े हर्षॉल्लास के साथ मनाया गया

0

भृगुखाल,  75वा गणतंत्र दिवस गुरुकुल पब्लिक स्कूल भृगुखाल में मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि विधालय अभिभावक समिति के अध्यक्ष श्रीमती रचना नेगी जी ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर छात्रों ने विभिन्न कार्यक्रमों सहित श्रीराम दरबार का भव्य आयोजन भी किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक श्री धीरज सिंह जी को माल्या अपर्ण एवं अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।May be an image of 7 people

कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक श्री कपिल रतूड़ी जी, अभिभावक संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री अमरदेव भट्ट जी, सुनील कांत बडोनी जी, श्रीमती ममता रावत जी, श्री आलोक बिष्ट जी, श्रीमती प्रतिमा रावत,श्रीमती मंजू भट्ट, अंकिता बिष्ट , श्री धीरज सिंह खत्री जी सहित अन्य अभिभावक गण उपस्थित थे।

May be an image of 5 people, temple and text

May be an image of 6 people and text

गणतंत्र दिवस परेड, देहरादून में सूचना विभाग की झांकी को मिला प्रथम पुरस्कार

0

देहरादून, गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां प्रदर्शित की गई जिसमें सूचना विभाग की झांकी को पहला स्थान मिला है। यह पुरस्कार राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु द्वारा प्रदान किया गया जिसे महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी व संयुक्त निदेशक/नोडल अधिकारी श्री के.एस. चौहान ने प्राप्त किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का है। देवभूमि उत्तराखण्ड में विकसित भारत के अन्तर्गत कई लाख करोड़ की विकास परियोजनाओं के कार्य जैसे ऑल वेदर रोड़, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाईन, होम स्टे, रोप-वे आदि पर तेजी से कार्य किया जा रहा है तथा पारम्परिक अनाजों का भी पर्याप्त मात्रा में उत्पादन किया जा रहा है।

सूचना विभाग के महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना विभाग द्वारा ‘‘विकसित उत्तराखण्ड‘‘ की झांकी का निर्माण किया गया है।

झांकी के अग्र भाग में उत्तराखण्डी महिला को पारम्परिक वेशभूषा में स्वागत करते हुए दिखाया गया है तथा पारम्परिक अनाज मंडूवा, झंगोरा, रामदाना तथा कौंणी की खेती व राज्य पक्षी मोनाल को दिखाया गया है।

झांकी के मध्य भाग में होम स्टे को दिखाया गया है। पहाड़ों में होमस्टे योजना से हजारों ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023 में उत्तराखण्ड के सरमोली गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया है। साथ ही लखपति दीदी योजना से उत्तराखण्ड में महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्वयं सहायता समूह में कार्य करते हुए स्थानीय महिलाओं व सुदूर पहाडों में सौर ऊर्जा तथा मोबाईल टावर को दिखाया गया है।
झांकी के आखरी भाग में ऑल वेदर रोड़, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, रोप-वे तथा भारत के प्रथम गांव माणा के लिए रोड़ कनेक्टिवी को दर्शाया गया है। इन योजनाओं से उत्तराखण्ड में यात्रियों के लिए आवागमन की सुविधा में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है।

झांकी का डिजाईन एवं कान्सेप्ट व निर्माण विभाग के संयुक्त निदेशक/नोडल अधिकारी श्री के.एस.चौहान के निर्देशन में किया गया है। झांकी के साथ उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित पारम्परिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए कलाकार थे।

फायर स्टेशन मायापुर( जनपद हरिद्वार) बना उत्तराखंड का पहला सर्वश्रेष्ठ फायर स्टेशन

0

हरिद्वार (कुलभूषण) फायर सर्विस मुख्यालय देहरादून द्वारा विभिन्न मानकों की जांच करने के उपरांत संपूर्ण राज्य उत्तराखंड में बेस्ट फायर स्टेशन का चुनाव किया गया, वर्ष 2023 के लिए मायापुर फायर स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ पाया गया इसके उपरांत परम आदरणीय पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा आज 26 जनवरी 2024 को ₹20000 का नगद ईनाम एवं एक ट्रॉफी अग्निशमन केंद्र मायापुर के इंचार्ज को भेंट की गई| मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार श्री अभिनव त्यागी द्वारा अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र मायापुर के संपूर्ण कर्मचारियों की ओर से आदरणीय पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा महोदया एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा महोदया एवं उपनिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड महोदय का यह नई प्रक्रिया शुरू करने हेतु आभार व्यक्त किया गया और बताया गया कि इस तरह के पुरस्कार पाकर कर्मचारियों का हौसला बढ़ता है |

उन्होंने श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय हरिद्वार एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक नगर एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक देहात महोदय के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन को इस सफलता का श्रेय दिया साथ ही यह भी कहा कि भविष्य में उन्हें अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र मायापुर के कर्मचारियों से और बेहतर कार्य की अपेक्षा रहेगी तथा उन्हें आशा है अगले वर्ष भी अपने उच्च कोटि के श्रमदान से दोबारा वह इस खिताब को अपने नाम करेंगे उन्होंने अग्निशमन केंद्र मायापुर के इंचार्ज एवं अन्य सभी कर्मचारियों को बधाई दी |